कीव/मॉस्को : रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ जंग छेड़े हुए अब 32 दिन बीत चुके हैं। अब तक के युद्ध की बात करें तो रूस का करीब 64 किलोमीटर लंबा टैंकों का बेड़ा यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहर ही फंसा है। बताया जाता है कि पिछले दो हफ्तों से रूसी सेना यूक्रेन के अहम शहरों में गतिरोध का सामना कर रही है। इसी के चलते रूस को अब यूक्रेन में कब्जा करने में खासी दिक्कतें आ रही हैं। इस बीच यूक्रेनी सेना ने भी शहरों में रूस के टैंकों और सैनिकों पर हमले तेज किए हैं। जानकारों की मानें तो रूस को रोकने में एक बड़ा किरदार निभा रहे हैं टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक एलन मस्क। स्पेस इंटरनेट की अपनी आधुनिक तकनीक को यूक्रेन तक पहुंचाकर मस्क ने रूसी राष्ट्रपति के सामने बड़ी चुनौती पेश की है।  गौरतलब है कि यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने हमला शुरू होने के बाद दावा किया था कि रूसी सेना उनके इंटरनेट नेटवर्क को निशाना बना रही है। इसका असर यह हुआ था कि एक समय आधे से ज्यादा यूक्रेन बिना इंटरनेट के लिए रहने को मजबूर था और उसकी सेना को बिना नेटवर्क के सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में कुलेबा ने सीधे मस्क को टैग कर ट्वीट किया था और उनसे स्टारलिंक सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट मुहैया कराने की अपील की थी।  एलन मस्क ने भी यूक्रेन की तरफ से मदद की गुहार को नजरअंदाज नहीं किया और अगले कुछ ही हफ्तों में पूरे देश को इंटरनेट मुहैया कराने के लिए आधुनिक उपकरणों की सप्लाई शुरू कर दी। इसका असर यह हुआ कि रूस की लाख कोशिशों के बावजूद यूक्रेन में फिर इंटरनेट बहाल हो गया। बड़ी बात यह है कि रूस के पास मस्क की तरफ से मुहैया कराए गए इंटरनेट को बंद करने का भी कोई तरीका नहीं है, क्योंकि स्टारलिंक सीधे सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट मुहैया कराता है।  ब्रिटिश अखबार द टेलिग्राफ की रिपोर्ट की मानें तो इस वक्त यूक्रेनी सेना इसी सैटेलाइट इंटरनेट के जरिए रूसी सेना को रोकने में सफल हो रही है।