उत्तर-पूर्व भारत के राज्यों में कई ऐसी जगहें हैं, जो बेहद ही खूबसूरत हैं औरघूमने के लिहाज से बहुत अच्छी हैं। मिजोरम की राजधानी एजल ऐसी ही खूबसूरत जगहों में से एक है। समुद्र तल से 1132 मीटर ऊपर स्थित यह शहर खूबसूरत पहाड़ियों और घाटियों से घिरा हुआ है। खूबसूरत वादियों की वजह से ही इस शहर को ‘लैंड ऑफ हाइलैंडर्स’ भी कहा जाता है। यहां बहने वाली तलौंग नदी तो एजल की सुंदरता को और भी बढ़ा देती है। यहां कई घूमने वाली खूबसूरत जगहें हैं। जानिए, एजल के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में... 

सोलोमन मंदिर : एजल की पश्चिमी सीमाओं पर स्थित यह मंदिर सफेद संगमरमर से बना हुआ है और यह पूरी तरह से हरियाली से घिरा हुआ है। इसे मिजोरम के मुख्य और सबसे बड़े मंदिरों में से एक माना जाता है, जो करीब तीन हजार वर्ग मीटर में फैला हुआ है। यह मंदिर इतना बड़ा है कि यहां के मुख्य हॉल में एक बार में दो हजार के करीब लोग बैठ सकते हैं।

मिजोरम राज्य संग्रहालय : अगर आपको मिजोरम की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होना है, तो एजल में स्थित मिजोरम राज्य संग्रहालय जरूर जाएं। यहां मौजूद प्रत्येक वस्तु राज्य की जातीय पृष्ठभूमि के बारे में बताती है। इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के बीच यह संग्रहालय बहुत लोकप्रिय है। 

रुंग्डिल झील : एजल के सुंगपुइलोन गांव से 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह एक शानदार झील है, जो काफी दूर तक फैली हुई है। यह झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता से यहां आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करती है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। 

रिएक गांव :  एजल के पश्चिम में करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह एक छोटा-सा गांव जरूर है, लेकिन यह मिजोरम का एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहां आपको एक से बढ़कर एक शानदार चट्टानें देखने को मिल जाएंगी, जो गुफाओं और प्राकृतिक जंगलों से सुसज्जित हैं। यहां आने के बाद आपको ऐसा लगेगा, जैसे आप धरती पर हैं ही नहीं।