गुवाहाटी : नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में 29 मार्च को असम-मेघालय की सीमा समझौता संपन्न होगा। दोनों राज्यों के आपसी सीमा विवाद को सुलझाने के लिए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा तथा मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा सहमत हो गए हैं। पिछले समय में दोनों राज्यों के मंत्री स्तर पर गठित टीम ने संयुक्त रूप से विवादास्पद 12 इलाकों का निरीक्षण कर चुके हैं। इनमें से छह स्थानों के स्थायी समाधान के लिए दोनों राज्यों की सरकारें सहमत हो चुकी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त छह विवादास्पद इलाकों के स्थायी समाधान के लिए 29 मार्च की शाम को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री की उपस्थिति में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री एक सीमा समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए मंगलवार दोपहर को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा तथा मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा नई दिल्ली में उपस्थित होंगे। आसू के सलाहकार डॉ. समुज्जल कुमार भट्टाचार्य ने सीमा समस्या का स्थायी समाधान के लिए दोनों राज्यों के पहल का स्वागत किया है। इस संदर्भ में उन्होंने असम सरकार तथा मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस समझौते पर हस्ताक्षर करते समय असम के सीमावर्ती इलाकों के निवासियों के स्वार्थ तथा हित को नजरअंदाज नहीं किया जाए।
गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में असम-मेघालय सीमा समझौता आज