कीव/मॉस्को  : रूस और यूक्रेन के बीच जंग 34वें दिन भी जारी है। दूसरी तरफ युद्ध के डिप्लोमैटिक हल के लिए तुर्की में चल रही रूस-यू्क्रेन डेलिगेशन की मीटिंग खत्म हो गई है। रूसी डेलिगेशन ने इस मीटिंग को सकारात्मक बताया है। हालांकि, अभी भी दोनों पक्षों में सीजफायर पर सहमत नहीं बन पाई है। मीटिंग के बाद रूसी डेलिगेशन के एक मेंबर ने दावा किया कि जल्द ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की तुर्की में मुलाकात हो सकती है। दूसरी तरफ रूस के अरबपति और चेल्सी फुटबाल क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविच यूक्रेन के राष्ट्रपति का खत लेकर व्लादिमिर पुतिन के पास पहुंचे थे। इस खत में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने उन शर्तों के बारे में बताया था, जिससे युद्ध रोका जा सकता है। इस पर भडक़ते हुए रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि मैं यूक्रेन को बर्बाद कर दूंगा। यूक्रेन के रिव्ने क्षेत्र के गवर्नर ने कहा कि रॉकेट हमले से एक तेल डिपो प्रभावित हुआ है। पिछले कुछ दिनों में रूसी मिसाइलों ने 6 तेल डिपो को तबाह कर दिया है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि यूक्रेन की राजधानी कीव में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, जंग में लगभग 82 बहुमंजिला इमारतें तबाह हो गई हैं। यू्क्रेन के उत्तर-पूर्वी शहर खार्किव में लगभग 1,200 अपार्टमेंट रूसी गोलाबारी से तबाह हो गए हैं। वहीं, 1,177 बहुमंजिला इमारतों, 53 किंडरगार्टन, 69 स्कूलों और 15 अस्पतालों को रूसी सेना ने बर्बाद कर दिया। खार्किव के 30 फीसदी से अधिक नागरिक युद्ध के चलते शहर छोडक़र जा चुके हैं। यूक्रेन में अब तक 78 हजार करोड़ का इन्फ्रास्ट्रक्चर तबाह हो गया है। राजधानी कीव, लीव समेत कई शहरों के रिहायशी इलाके पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी के प्रमुख देश की परमाणु सुविधाओं की सुरक्षा पर बातचीत के लिए यूक्रेन पहुंचे हैं। यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है। इस दौरान यूक्रेन में परमाणु सुरक्षा के लिए विशेषज्ञों की टीम भेजने पर बात हो सकती है। ब्रिटेन की तरफ से रूस को एक ऑफर दिया गया है। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि अगर रूस जंग को खत्म करता है और यूक्रेन से अपनी सेना को वापस बुलाता है तो ब्रिटेन रूस और उसकी कंपनियों पर लगे प्रतिबंध हटा देगा। यूक्रेन फोर्सेज की एक स्पेशल यूनिट ने दावा किया कि उसने कीव की तरफ जा रही रूसी सेना के एक 64 किलोमीटर के काफिले को तबाह कर दिया है। द गार्जियन की खबर के मुताबिक यूक्रेन के 30 सैनिकों की एक विशेष यूनिट ने ड्रोन की मदद से रूसी सैनिकों के एक लंबे काफिले पर एक के बाद एक कई हमले किए। जी 7 ने रूसी गैस के लिए रूबल भुगतान की पुतिन की मांग को खारिज कर दिया है। जर्मनी के ऊर्जा मंत्री रॉबर्ट हेबेक ने कहा- जी7 के सभी ऊर्जा मंत्री इस बात से पूरी तरह सहमत हैं कि रूस से ऊर्जा संसाधन के आयात के लिए रूबल में भुगतान करना मौजूदा अनुबंधों का एकतरफा और स्पष्ट उल्लंघन होगा।