नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की अहम वर्चुअल बैठक शुरू हो गई है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर दोनों देशों के बीच गंभीर मतभेद हैं। भारत ने इस मसले पर अमरीका की इच्छा के अनुसार कदम नहीं उठाया है। इस दौरान पीएम मोदी ने बाइडन से कहा कि यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब यूक्रेन में हालात चिंता का विषय बने हुए हैं। कुछ सप्ताह पहले लगभग 20 हजार भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए थे, इनमें से अधिकांश युवा छात्र थे। पीएम ने कहा कि हमने यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों को दवाएं और अन्य राहत सामग्रियां भेजी हैं। यूक्रेन की मांग पर हम जल्द ही दवाओं की एक और खेप पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। बाइडन ने पीएम मोदी से कहा कि मैं आज आपसे वर्चुअल मुलाकात करके प्रसन्नता का अनुभव कर रहा हूं। हम कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के दौरान वैश्विक चुनौतियों को लेकर समान चिंताएं प्रकट कर चुके हैं। यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से कई बार फोन पर बात की है। मैंने न केवल दोनों से शांति के लिए अपील की है बल्कि पुतिन को यह सुझाव भी दिया है कि वह यूक्रेनी राष्ट्रपति के साथ सीधे वार्ता करें। हमारी संसद में भी यूक्रेन को लेकर गहन चर्चा हुई है। भारत और अमरीका के बीच रक्षा भागीदारी को लेकर बाइडन ने कहा कि हमारी भागीदारी का मुख्य हिस्सा हमारे लोगों और हमारे साझा मूल्यों के बीच गहरे संबंध हैं। मैं यूक्रेन के लेगों के लिए भारत की और से भेजी गई मानवीय मदद का स्वागत करता हूं। वहीं, बूचा नरसंहार को लेकर बाइडन ने कहा कि इस शहर में सामने आई मासूम नागरिकों की हत्या के समाचार बहुत चिंताजनक हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध के स्थिर प्रभावों का प्रबंधन करने के लिए अमरीका और भारत के बीच परामर्श जारी रहेगा। हमारा निरंतर परामर्श और संवाद यह सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है कि अमरीका और भारत के संबंध गहरे और मजबूत होते रहें। उधर, पेंटागन में अमरीका रक्षा मंत्री लॉयड जे ऑस्टिन ने कहा कि भारत और अमरीका अब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक दूसरे के साथ समन्वय कर रहे हैं। हम भारत के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं इस बात पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं कि कैसे हम अपनी भागीदारी को और मजबूत कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया था कि दोनों नेता दक्षिण एशिया, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और वैश्विक मुद्दों पर चल रहे द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे और विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
यूक्रेन पर गंभीर मतभेद के बीच मोदी-बाइडेन ने की बैठक, इन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा