असम साहित्य सभा के पूर्व अध्यक्ष तथा सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी परमानंद राजबंशी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 मार्च को फिर असम दौरे पर आ रहे हैं। वे सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भुक्ताबारी गांव में एक रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी साहित्य सभा क्षेत्र से सिपाझार वासियों को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि असम साहित्य सभा के पूर्व अध्यक्ष राजबंशी ने कुछ ही महीने पहले अगप का दामन थामा था। अगप-भाजपा में सीटों के बंटवारे के समय अगप ने सिपाझार क्षेत्र भाजपा के लिए छोड़ दिया था। इसके तुरंत बाद राजबंशी ने रातों-रात अगप छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। पुरस्कार के रूप में उन्हें सिपाझार से भाजपा का टिकट मिला। उधर राजबंशी ने दावा किया कि काफी वर्षों के अंतराल सिपाझार वासियों को एक स्थानीय प्रत्याशी मिला है। इससे पहले 20 सालों तक जयनाथ शर्मा ने सिपाझार का नेतृत्व किया था। शर्मा मंगलदै विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। उनके बाद माधव राजबंशी ने सिपाझार का नेतृत्व किया। राजबंशी भी मंगलदै विस क्षेत्र के ही निवासी हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा के वर्तमान विधायक विनंद सैकिया ही सिपाझार क्षेत्र के निवासी है। उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार की सुबह दस बजे होटल ताज विवांता में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का विमोचन करेंगे।
कल फिर आ रहे मोदी सिपाझार में परमानंद के लिए करेंगे प्रचार
