गुवाहाटी : असम प्रदेश कांग्रेस का पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा के कांग्रेस छोडऩे के बाद कांग्रेस के कई नेता-कार्यकर्ताओं के दल त्याग करने की संभावना है। राजनीतिक क्षेत्र में कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता रकिबुल हुसैन तथा पूर्व विधायिका विस्मिता गोगोई आदि के कांग्रेस छोडऩे की संभावना पर चर्चा होने लगी है। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता रकिबुल हुसैन ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान रिपुन बोरा के इस्तीफा पत्र में उल्लेखित बातों में 80 प्रतिशत सहमति व्यक्त कीै। उनके अनुसार रिपुन बोरा एक अच्छे संगठक थे। उनके दल त्याग करने पर कांग्रेस को भारी नुकसान सहना पड़ेगा। पूर्व मंत्री रकिबुल हुसैन का एजीपी में और सांसद प्रद्युत बरदलै तथा पूर्व विधायिका विस्मिता गोगोई के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर चर्चा हो रही है। भाजपा सूत्र ने विस्मिता गोगोई से भाजपा का संपर्क को स्वीकार किया है, परंतु रकिबुल हुसैन के कांग्रेस छोडऩे के संदर्भ में उनके पूर्व घनिष्ठ सहयोगी तथा वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के अनुसार रकिबुल का कांग्रेस छोडऩे की संभावना कम है। डॉ. शर्मा ने यह भी कहा कि भाजपा में शामिल होने की इच्छा रखने वाले कांग्रेस नेता तथा कार्यकर्ताओं की सूची बहुत लंबी है, परंतु भाजपा में वैकेंसी नहीं है।
कांग्रेस के कई नेता छोड़ सकते हैं पार्टी