पेरिस/बीजिंग : दुनिया में कोरोना वायरस फैलने की रफ्तार फिर तेज हो गई है। भारत में लगातार छठे दिन 2000 से ज्यादा मामले मिले हैं। चीन के शंघाई में कोरोना से पिछले 24 घंटे में 39 मौतें हुई हैं, जबकि 21,058 संक्रमित भी मिले हैं। वहीं कोरोना से जर्मनी और फ्रांस में मौतों की संख्या में एक हफ्ते में इजाफा हुआ है। कोरोना का ग्राफ अफ्रीका और अमेरिका में भी तेजी से बढ़ रहा है। देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 2,541 नए मामले सामने आए। इसके बाद भारत में कोविड-19 के कुल मामले बढक़र 4,30,60,086 हो गए हैं। रविवार को 7 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद मरने वालों की संख्या बढक़र 5,22,223 हो गई है। वहीं, एक्टिव मामले बढक़र 16,522 हो गए हैं। चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेशन ने पब्लिक प्लेस, एजुकेशन सेंटर, सरकारी और प्राइवेट ऑफिसों और सभी सभी प्रकार के इनडोर इवेंट्स में मास्क पहनना कंपलसरी कर दिया है। मास्क नहीं पहनने पर 500 रुपये जुर्माना लगेगा। देश के कई हिस्सों में कोविड -19 के नए मामले सामने आने के बाद कर्नाटक सरकार ने फेस मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग कंपलसरी कर दिया है। त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड कोरोना मुक्त राज्य बन गए हैं, यहां कोरोना का एक भी एक्टिव मरीज नहीं है। हरियाणा के 18-59 आयु वर्ग के लोगों को मुफ्त में बूस्टर डोज दी जाएगी, राज्य सरकार इसके लिए 300 करोड़ रुपये का खर्च वहन करेगी। हरियाणा में बीते 24 घंटों में 414 नए कोरोना केस, किसी की भी मौत नहीं हुई। दिल्ली में 1083 नए कोरोना केस मिले, इस दौरान एक भी मौत नहीं हुई। केरल में 281 नए कोरोना केस मिले और एक भी मौत दर्ज नहीं हुई। कर्नाटक में रविवार को कोरोना के 60 नए मामले सामने आए। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढक़र 39,46,934 हो गई है। यूपी में 24 घंटे में 213 केस मिले, सबसे ज्यादा 98 मामले गौतमबुद्ध नगर में आए। बाराबंकी में कोरोना से दो की मौत। शंघाई हेल्थ कमीशन के मुताबिक मृतकों की औसत उम्र 79 साल है, जो कुछ न कुछ बीमारियों से पीडि़त थे। मार्च से अब तक शंघाई में 87 मौतें हो चुकी हैं। चीन में कोरोना को लेकर जीरो कोविड पॉलिसी लागू है। बता दें कि चीन के वुहान शहर से ही पहली बार कोरोना का मामला सामने आया था। वर्ल्डोमीटर की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 58,000 और अमेरिका (यूएस) में करीब 12,000 केस मिले हैं। साउथ कोरिया में सबसे अधिक 64,725 नए केस सामने आए हैं। मौतों की संख्या की बात करें तो फ्रांस में 40 और यूएस में 14 लोगों की जान गई है।