गुवाहाटी/डिब्रूगढ़ : असम सरकार ने राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बृहस्पतिवार के दिन भर के दौरे के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11बजे नगालैंड स्थित डीमापुर हवाईअड्डा पहुंचने का कार्यक्रम है और वहां से वह असम के कार्बी आंगलांग जिले के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। वह लोरींगथेपी में एकता, शांति और विकास रैली को संबोधित करेंगे तथा 500 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई शैक्षणिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।  अधिकारियों ने बताया कि मोदी डिब्रूगढ़ के लिए रवाना होंगे, जहां वह असम मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल स्थित डिब्रूगढ़ कैंसर सेंटर राष्ट्र को समर्पित करेंगे।  उन्होंने बताया कि दोपहर बाद वह छह कैंसर अस्पतालों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और पूरे असम में डिब्रूगढ़ से लेकर खानीकर पार्क तक सात अन्य का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान टाटा ट्रस्ट के अध्यक्ष रतन टाटा, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, राज्यपाल जगदीश मुखी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा भी उपस्थित रहेंगे।  डिब्रूगढ़, बरपेटा, तेजपुर, जोरहाट, लखीमपुर, कोकराझाड़ और दरंग में सात अस्पतालों का उद्घाटन किया जाएगा। धुबड़ी, ग्वालपाड़ा, गोलाघाट, शिवसागर, नलबाड़ी, नगांव और तिनसुकिया में मेडिकल संस्थानों की आधारशिला रखी जाएगी।  मुख्यमंत्री ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिब्रूगढ़ और कार्बी आंगलांग जिलों का दौरा किया। बृहस्पतिवार को दोनों जिलों में स्कूल, कॉलेज, राज्य सरकार के कार्यालयों में अवकाश की घोषणा की गई है। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिवहन विभाग ने लोगों को कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों पर लाने के लिए काफी संख्या बसों की सेवाएं ली हैं। दोनों शहरों में पिछले पखवाड़े में,सडक़ों पर बने गड्ढों को भर दिया गया है और सडक़ अवरोधकों को रंग दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दोनों जिलों में दूर दराज के इलाकों में पहुंच कर लोगों को पारंपरिक असमिया तरीके से कार्यक्रमों में शामिल होने का न्योता दिया है। डिब्रूगढ़ से हमारे कार्यालय संवाददाता के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल डिब्रूगढ़ में सात नवनिर्मित कैंसर अस्पतालों के उद्घाटटन के साथ ही अन्य सात कैंसर अस्पतालों का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर राज्य के राज्यपाल जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा, जहाज, बंदरगाह व आयुष मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, केंद्रीय सरकार के पेट्रो व प्राकृतिक गैस तथा श्रम मंत्रालय के राज्यमंत्री रामेश्वर तेली के साथ ही टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा व असम सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग के मंत्री केशव महंत की उपस्थित में नवनिर्मित डिब्रूगढ़ कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे,जिसके पश्चात प्रधानमंत्री शहर के समीपवर्ती खनिकर पुलिस रिजर्व खेलमैदान में आयोजित विशाल जनसभा में अन्य सात कैंसर अस्पतालों का शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर दोनों ही स्थानों पर निर्मित हेलीपैड की सुरक्षा के राज्य सरकार व जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए है। इसके साथ ही डिब्रूगढ़ पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। जिले की बाहरी सुरक्षा के लिए सैन्य बलों के साथ ही शहर की सुरक्षा में सीआरपीएफ व असम पुलिस के जवान तैनात किए गए हंै। साथ ही शहर को पूरी तरह साफ सुंदर करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। असम मेडिकल कॉलेज से खनिकर पुलिस रिजर्व तक शहर से होकर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से सजाया जा रहा। सडक़ के फुटपाथ के दोनों तरफ बांस लगाया गया है। यदि कहीं किसी कारणवश प्रधानमंत्री खनिकर सभा स्थली तक सडक़ से जाना पड़ा उसको देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जीपी सिंह व यातायात व्यवस्था आईजीपी (ट्रैफिक) अनुराग अग्रवाल को कमान दी गई है। दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने आज असम मेडिकल कॉलेज के परिसर में नवनिर्मित कैंसर अस्पताल की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के हरेक कार्यों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा मे दो लाख से अधिक लोगों की आने की संभावना है। जिसके लिए राज्य सरकार ने 1550 बस के साथ ही तीन हजार छोटे वाहनों का अधिग्रहण किया है। साथ ही विभिन्न जिलों से कुल छह विशेष ट्रेन से लोगों को लाने की व्यवस्था भी की गई है।