गुवाहाटी : असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भास्करज्योति महंत के व्हाट्सएप नंबर को हैक कर बदमाशों की ओर से कई लोगों से धन की मांग करते हुए मैसेज भेजने की शिकायत मिली है। बृहस्पतिवार को डीजीपी के व्हाट्सएप नंबर से कई शीर्ष पुलिस अधिकारी, व्यवसायी तथा राजनीतिक को पहले कुशलक्षेम पूछकर हैकरों द्वारा मैसेज भेजा जाता है। इसके बाद जरूरी मीटिंग में व्यस्त रहने का बहाना बनाकर उनसे गूगल पे, फोन पे आदि के बारे में सवाल किया जाता है। अगर व्यक्ति सकारात्मक उत्तर देता है तो एक निर्धारित रकम भेजने का अनुरोध किया जाता है। गुरुवार सुबह 9 बजे पानीखाइती स्थित कमांडो बटालियन में नियुक्ति के काम पर नियुक्त एक एसपी को भी डीजीपी के ह्वाट्स एप नंबर से मैसेज भेजा गया। आम समाचार आदान-प्रदान के बाद उनके गूगल पे पर निर्धारित धन भेजने का अनुरोध किया गया। डीजीपी से इस प्रकार धन की मांग करके मैसेज आने पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत भास्करज्योति महंत को इसके बारे में अवगत किया। पता चला है कि डीजीपी महंत ने अपने मोबाइल में सभी मैसेज परीक्षण करके मोबाइल हैक होने को निश्चित किया। खुद डीजीपी के मोबाइल हैक होने पर आम लोगों की स्थिति क्या हो सकती है इसे अनुमान करना मुश्किल नहीं होता।