मास्को : रूस ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन में परमाणु हथियार तैनात करने का उसका कोई इरादा नहीं है। एक दिन पहले अमरीका में रूस के शीर्ष राजनयिक ने पश्चिमी देशों के अधिकारियों पर ‘निराधार’ आरोप लगाने के लिए निशाना साधा था। रूस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एलेक्सी जैतसेव ने कहा कि रूस इस सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है कि परमाणु युद्ध में कोई विजेता नहीं हो सकता और इसका इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। जैतसेव ने कहा कि यूक्रेन और पश्चिमी देश ‘उकसावे के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं’ और रूस को ‘मीडिया में दुष्प्रचार और जमीन पर किसी भी घटनाक्रम के लिए तैयार रहना होगा।’ अमरीका में रूस के राजदूत एनातोली एंतोनोव ने बृहस्पतिवार को कहा कि हमारे देश की परमाणु नीति पर रूसी अधिकारियों के बयान को तोड़ मरोडक़र पेश किया जा रहा है। एंतोनोव ने कहा कि पश्चिमी देश यूक्रेन की स्थिति से ‘गैर जिम्मेदाराना’ तरीके से निपट रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के रुख और लगातार यूक्रेन को दी जा रही मदद से परमाणु युद्ध को लेकर तनाव भडक़ाया जा रहा है। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव और रूस की संसद के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन ने भी इस सप्ताह कहा था कि मास्को पहले परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा।
यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियार के इस्तेमाल का इरादा नहीं : रूस