गुवाहाटी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर दक्षिण सालमारा जिले के मनकाचर का दौरा किया और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से संचालित एक चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के साथ असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा तथा पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री रंजीत कुमार दास भी मौजूद थे। केंद्रीय गृह मंत्री शाह और मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने  मनकाचर में बीएसएफ की 45वीं बटालियन की एक सीमा चौकी का दौरा किया और बीएसएफ अधिकारियों से बातचीत की। दौरे के दौरान बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को चौकी के परिचालन क्षेत्रों और सीमा सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों से अवगत कराया। बाद में केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने बीटीआर में स्थित तामुलपुर का दौरा किया और बीएसएफ की केंद्रीय कार्यशाला और स्टोर की भूमि पूजन में हिस्सा  लिया और इसकी नींव रखी। इस अवसर पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री को असम में बीएसएफ की केंद्रीय कार्यशाला और स्टोर की स्थापना के लिए असम के तामुलपुर का चयन करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नई बुनियादी ढांचा परियोजना बीएसएफ की परिचालन क्षमता को बढ़ावा देगी और बीटीआर क्षेत्र के आर्थिक विकास में मदद करेगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि एक बार यह परियोजना चालू हो जाने पर बीएसएफ को हथियार और गोला-बारूद सहजलभ्य हो जाएंगे तथा हथियारों के परीक्षण और मरम्मत की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि बीएसएफ सीमा की सुरक्षा और घुसपैठ को रोकने के साथ-साथ ड्रग्स और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के लिए लगातार काम कर रही है। तामुलपुर के विकास के लिए असम सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने वादे को पूरा करते हुए तामुलपुर को एक उप-मंडल से एक जिले में अपग्रेड किया है। उन्होंने पहले के वादे के अनुसार कई पुलों का निर्माण शुरू करने का भी आश्वासन दिया। डॉ. शर्मा ने इस क्षेत्र में शांति स्थापित करने और विकास को बढ़ावा देने में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से निभाई गई भूमिका को भी रेखांकित किया। इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने बीएसएफ की 107 नं. कैंटीन में औपचारिक रूप से खादी और ग्रामोद्योग के खुदरा दुकान का शुभारंभ किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। जहां बीटीआर प्रमुख प्रमोद बोड़ो ने स्वागत भाषण दिया, वहीं बीएसएफ के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह ने धन्यवाद  ज्ञापित किया। केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री शर्मा ने इस अवसर पर बीएसएफ की ओर से  प्रदर्शित एक फोटो गैलरी और हथियारों के प्रदर्शन का भी दौरा किया। इस अवसर पर हथकरघा और वस्त्र मंत्री उर्खाव गौरा ब्रह्म, आवास और शहरी मामलों के मंत्री अशोक  सिंघल, सांसद दिलीप कुमार सैकिया और रनगौरा नार्जारी, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला, असम के मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा, डीजीपी भास्करज्योति महंत, कई विधायक, बीटीआर परिषद के सदस्य तथा असम सरकार, असम पुलिस और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।