चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस विंग के हेडक्वार्टर पर हमले में विस्फोटक के तौर पर ट्राइ नाइट्रो टाल्यून (टीएनटी) का इस्तेमाल हो सकता है। इसका खुलासा पंजाब के डीजीपी वीके भावरा ने किया। हमले के बाद मीडिया से बातचीत में डीजीपी ने कहा कि हेडक्वार्टर पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया है। जिस वक्त हमला हुआ, कमरे में कोई नहीं था। इसका इंपैक्ट भी दीवार पर आया है। इस मामले में आतंकी हमले के एंगल पर डीजीपी ने कहा कि अभी इसकी जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस ने अंबाला से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। इसी पर धमाका करने का शक है। पंजाब पुलिस उसे अंबाला से मोहाली ला रही है। पुलिस इंटेलिजेंस के सूत्रों से बड़ी जानकारी सामने आई है। इस हमले के जरिए इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर की बिल्डिंग को उड़ाने की साजिश थी। निशाना चूक गया। विस्फोटक खिडक़ी के अंदर जाने के बजाय दीवार से टकरा गया। रक्षा विशेषज्ञ भी मान रहे हैं कि अगर विस्फोटक सीधे कमरे में जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध हिरासत में लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक विदेशी हैंडलरों ने ही यह टास्क दिया था। इस बिल्डिंग में पंजाब पुलिस के आर्गेनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओसीसीयू) और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स एजीटीएफ का ऑफिस भी है। ऐसे में इसके पीछे गैंगस्टरों का भी हाथ होने की संभावना जताई जा रही है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस को बड़ी लीड मिली हैं। जल्द ही पूरे केस को सॉल्व कर लिया जाएगा। वहीं इस मामले में संदिग्ध स्विफ्ट कार के बारे में बड़ी जानकारी मिली है। यह स्विफ्ट कार धमाके के बाद हरियाणा की तरफ गई है। वहां भी पुलिस ने रेड कर कुछ संदिग्ध हिरासत में लिए हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम भी मोहाली पहुंचकर जांच कर रही है।  पुलिस के मुताबिक, हमला करीब 80 मीटर दूर से किया गया है। अज्ञात हमलावर पर केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद इंटेलिजेंस इलाके में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर खंगाल रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी, यानी आप के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मोहाली ब्लास्ट उन लोगों की कायराना हरकत है जो पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं। पुलिस को हमले के वक्त बाहर एक स्विफ्ट कार घूमती दिखी है। इसी कार से अटैक किए जाने की आशंका है।