गुवाहाटी : भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) अध्यक्ष डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने रविवार को थॉमस कप का खिताब जीत कर इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम के खिलाडिय़ों के लिए एक करोड़ रूपए के पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने साथ ही टीम के सहयोगी स्टाफ के लिये भी 20 लाख रूपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने लगातार ट्वीट कर देश को गौरवान्वित करने वाली टीम को बधाई दी। असम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि नयी ऊंचाईयों की ओर बढ़े। इस प्रतिष्ठित बैडमिंटन टूर्नामेंट के 73 वर्ष के इतिहास में पहली बार थॉमस कप जीतकर इतिहास रचने वाली टीम को बधाई। उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया पर 3-0 की जीत दर्ज करने के बाद टीम के सदस्यों से बात भी की। उन्होंने ट्वीट किया-विजेता भारतीय बैडमिंटन टीम से बात करके खुश हो रही है। शर्मा ने साथ ही कहा कि वह स्टेडियम में ‘भारत माता की जय’ भी सुन सकते थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय के लिये गौरव का क्षण। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिये बीएआई खिलाडिय़ों के लिए एक करोड़ रूपए और सहयोगी स्टाफ के लिए 20 लाख रूपए के पुरस्कार की घोषणा करता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भारतीय खिलाडिय़ों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि थॉमस कप में शानदार जीत और पहली बार चैम्पियन बनने पर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को बधाई! जय हिंद ।