गुवाहाटी: केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामोनयन मंत्री गिरिराज सिंह ने यहां मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आगामी 19 मई को असम के पांच लाख 10 हजार लाभार्थियों को उनके घर बनाने के सपनों को साकार करने की दिशा में पहला कदम उठाया जाएगा। इस योजना के तहत लोगों को उसी दिन गृह आवंटन पत्र और गृह निर्माण के लिए पहली किस्त दी जाएगी। गुवाहाटी में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंहने कहा कि केंद्र सरकार के पंचायत एवं ग्रामोन्यन मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत असम सरकार को 2021-22 वर्ष में गरीबों के घर निर्माण के सपनों को साकार करने के मद्देनजर सात लाख गृह निर्माणआवंटित की गई है। राज्य सरकार की ओर से योजना के तहत चयनित पांच लाख 10 हजार हिताधिकारियों को मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा की मौजूदगी में उन्हें प्रमाण पत्र और घर बनाने के लिए पहली किस्त सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि इतने घर के निर्माण के लिए कुल 7739.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री फगन सिंह कुलस्ते और केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने असम सरकार के पंचायत एवं ग्रामोन्नयन मंत्री रंजीत कुमार दास के अलावा पूर्वोत्तर राज्यों के कई विभागीय मंत्री तथा शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान केंद्रीय योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने और जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलने पर मंथन किया गया।