गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें आश्वस्त किया है कि असम की बराक घाटी और त्रिपुरा, मिजोरम व मणिपुर के कुछ इलाकों को जोड़ने वाले रेल मार्ग को 10 जुलाई तक चालू कर दिया जाएगा। बाढ़ और भूस्खलन के कारण इन क्षेत्रों में रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने उन्हें इस महीने के अंत तक दीमा हसाओ जिले के जटिंगा-हरंगाजाओ सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया है। डॉ. शर्मा ने रविवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और एनएचएआई के अधिकारियों से मुलाकात की थी और राज्य में रेल पटरियों और सड़कों को बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान पर चर्चा की थी। इस साल राज्य में बाढ़ के कारण 24 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 22 जिलों में 7.2 लाख से ज्यादा लोग अब भी प्रभावित हैं। रेल मंत्री से मुलाकात के बाद डॉ. शर्मा ने ट्विटर पर कहा कि रेल मंत्रालय ने दीमा हसाओ जिले में रेलवे नेटवर्क की मरम्मत के लिए 180 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं और काम 10 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। मुख्मयंत्री ने लिखा कि अहम रेल संपर्क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत न केवल असम की बराक और ब्रह्मपुत्र घाटियों के बीच संपर्क को बहाल करेगी बल्कि त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों को देश के बाकी हिस्सों से भी जोड़ेगी। इस मार्ग पर 15 मई से रेल संपर्क टूटा हुआ है। डॉ. शर्मा ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि उन्होंने एनएचएआई अध्यक्ष अलका उपाध्याय के साथ राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
‘डिमा हसाओ में दस जुलाई तक चालू हो जाएगा रेल संपर्क’