अहमदाबाद: पिछले मैच में औसत गेंदबाजी प्रदर्शन को भुलाकर राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के दूसरे क्वालिफायर में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा जिसके हौसले पिछले मैच में मिली जीत के बाद बुलंद हैं। नाटकीय ढंग से किस्मत के सहारे प्लेऑफ में जगह बनाने के बाद आरसीबी ने एलिमिनेटर में लखनऊ सुपर जाइंट्स को हराया। पिछले चौदह वर्ष से खिताब का इंतजार कर रही टीम से अपेक्षाएं जबर्दस्त हैं और खिलाड़ी उन पर खरे उतरने के लिए बेताब भी हैं। दूसरी ओर रॉयल्स पहले क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस से हार गई। कोलकाता में कुछ मैचों के बाद अब आईपीएल का कारवां गुजरात आ पहुंचा है। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने लखनऊ पर मिली जीत के बाद आईपीएल वेबसाइट से कहा कि अच्छी बात यह है कि एक दिन बाद हमें फिर खेलना है। अहमदाबाद में फिर खेलने को लेकर बेताब हैं । हम अपने प्रदर्शन से खुश हैं और काफी रोमांचित भी। उम्मीद है कि दो मैच और जीतकर जश्न मना सकेंगे। एलिमिनेटर में अपने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रजत पाटीदार इस लय को कायम रखना चाहेंगे। आईपीएल मेगा नीलामी में बिक नहीं सके पाटीदार वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में आरसीबी का हिस्सा बने और एक पारी ने उनकी तकदीर बदल दी। कोहली और कप्तान फाफ डु प्लेसी दोनों बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और पिछले मैचों में कम स्कोर के बाद अब बड़ी पारी खेलने को लालायित होंगे। आरसीबी के लिए ‘फिनिशर’ की भूमिका निभा रहे दिनेश कार्तिक कुछ और रन अपने नाम करना चाहेंगे। विजयी टीम में बदलाव की संभावना कम ही है। वानिंदु हसरंगा ने साहसी गेंदबाजी की तो आखिरी ओवरों में हर्षल पटेल का सानी नहीं है। मोहम्मद सिराज ने भी वापसी के बाद पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। डैथ ओवरों में उम्दा गेंदबाजी की अपनी छवि के साथ जोश हेजलवुड ने न्याय किया और अब सटीक यॉर्कर के साथ उन्हें खेलना और मुश्किल हो गया है। आरसीबी के गेंदबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती जोस बटलर और रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन के बल्लों पर अंकुश लगाने की है। दोनों ने गुजरात के खिलाफ रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सैमसन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना चाहेंगे। गेंदबाजों को पिछले मैच को भुलाकर नए सिरे से अच्छा प्रदर्शन करना होगा। आर अश्विन गुजरात के खिलाफ खराब फॉर्म में दिखे तो प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरी ओवर में डेविड मिलर को फुललेंग्थ गेंद डालने की गलती की।
आरसीबी का सामना दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान से