गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा का दिल्ली दौरा अचानक टल गया। मंत्रिमंडल के बहुचर्चित विस्तार से पहले मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा हाई कमान के साथ बैठक करने के लिए दिल्ली जाने वाले थे। लेकिन अब वे दिल्ली जाने की बजाए हाई कमान से फोन पर बात कर कैबिनेट विस्तार को अंतिम रूप देंगे। सीएम ने कार्बी आंग्लांग में चुनाव प्रचार करते हुए अपने मंत्रिमंडल के विस्तार की घोषणा कर सबको चौंका दिया था। उन्होंने मीडिया को इस फैसले की घोषणा की थी और कहा कि वह 6 जून को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। नई दिल्ली में पार्टी आलाकमान कैबिनेट विस्तार के विवरण पर चर्चा करेगा और 8 जून को नए कैबिनेट सदस्यों के नामों की घोषणा करेगा। नए मंत्रियों को 9 जून को शपथ दिलाई जाएगी। मंत्रिमंडल के विस्तार में शामिल किए जाने वाले मंत्रियों के नामों की घोषणा आलाकमान से परामर्श के बाद ही की जानी थी, लेकिन अब दिल्ली जाने की बजाए आलाकमान से फोन पर बात कर नए मंत्रियों के नाम फाइनल किए जाएंगे। कार्बी आंगलांग स्वायत्त परिषद के चुनाव 8 जून को होंगे और वोटों की गिनती 12 जून को की जाएगी। ताजा जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 10 जून को नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने खुद ऐलान किया है कि मंत्रीमंडल के विस्तार में एक पहाड़ी विधायक को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा यूपीपीएल ने ऐलान किया कि इस बार उनके दल के एक और विधायक को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। वर्तमान में डॉ. शर्मा के मंत्रिमंडल में 5 रिक्तियां हैं, लेकिन मुख्यमंत्री स्वयं पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वे उनमें से केवल एक हिस्सा भरेंगे। यानी इस विस्तार में दो या तीन मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। वाजपेयी भवन के सूत्रों ने बताया कि हाफलांग की विधायक नंदिता गर्लोसा और यूपीपीएल के गोविंद बसुमतारी को कैबिनेट में पहाड़ियों के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किया जा सकता है। बीटीआर के उप मुख्य कार्यकारी सदस्य ने घोषणा की है कि जब तक उन्हें मंत्री का पद नहीं मिल जाता तब तक वह इस्तीफा नहीं देंगे। मंत्रिमंडल के विस्तार में जयंत मल्लबरुवा, रूपज्योति कुर्मी और सुशांत बरगोहाई समेत कई नाम हैं, लेकिन बदले हुए राजनीतिक समीकरण इनके मंत्री पद के उम्मीदों पर पानी फेर सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाईं द्वारा धमकी देने के बाद कैबिनेट विस्तार का पूरा समीकरण पलट जाने की संभावना है। सीएम के अचानक दिल्ली दौरे के रद्द होने से पार्टी के कुछ नेता और मंत्री पद के उम्मीदवार कैबिनेट के विस्तार को लेकर चिंतित हैं।
मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली दौरा स्थगित