पटना : सेना में भर्ती के लिए केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का बिहार, राजस्थान और यूपी में विरोध शुरू हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा अग्निपथ योजना की घोषणा करने के अगले ही दिन, यानी बुधवार को जगह-जगह प्रदर्शन शुरू हो गया। बिहार में प्रदर्शनकारियों ने बक्सर में रेलवे ट्रैक जाम किया तो मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर में आगजनी की और सड़क जाम कर दी। इसके अलावा आरा में भी जमकर बवाल मचाया। पुलिस और जीआरपी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन वे योजना को वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। इधर, यूपी के अंबेडकरनगर जिले में भी बड़ी संख्या में युवाओं ने योजना का विरोध किया। राजस्थान के जयपुर में भी युवा सड़क पर उतर आए और योजना को बंद करने की मांग की। अग्निपथ योजना से सेना का ढांचा ही बिगड़ जाएगा? मीडिया के इस सवाल पर पूर्व आर्मी चीफ और केंद्रीय मंत्री जनरल वी के सिंह ने कहा कि कोई भी नई चीज आती है तो उसके बारे में तब तक पता नहीं चलता जब तक वो जमीन पर नहीं आती। मैं इस योजना को बनाने वाली टीम में शामिल नहीं हूं, मुझे इसके बारे में ज्यादा मालूम नहीं है। योजना अभी अनाउंस हुई है, देखते हैं समय पर क्या होता है और क्या नहीं। केंद्र सरकार ने 14 जून को सेना की तीनों शाखाओं- थलसेना, नौसेना और वायुसेना में युवाओं की बड़ी संख्या में भर्ती के लिए अग्निपथ भर्ती योजना शुरू की है। इस स्कीम के तहत नौजवानों को 4 साल के लिए डिफेंस फोर्स में सेवा देनी होगी। माना जा रहा है कि सरकार ने यह कदम तनख्वाह और पेंशन का बजट कम करने के लिए उठाया है। मुजफ्फरपुर में बुधवार को सैकड़ों लोग लाठी-डंडा लेकर सड़क पर उतर गए और हंगामा और प्रदर्शन करने लगे। सबसे पहले प्रदर्शनकारी (आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस) पर पहुंचे। वहां पर विरोध जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने माड़ीपुर में आगजनी कर रोड जाम कर दिया। साथ ही सड़क के आसपास लगे बोर्ड और होर्डिंग में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए सदर और काजी मोहम्मदपुर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि वे नहीं मानें। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सेना का कोई अधिकारी उन लोगों की समस्या नहीं सुनेंगे वे सड़क से नहीं हटेंगे। बक्सर में प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली कोलकाता रेलवे ट्रैक पर बक्सर स्टेशन के मालगोदाम के पास जाम कर दिया। मौके पर रेल सुरक्षा बल, रेल थाना, नगर थाना समेत बक्सर समेत रेल प्रबंधक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाने के बाद ट्रैक से जाम हटा और परिचालन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नेता हो या विधायक, सभी को 5 साल का समय मिलता है, हमारा 4 साल में क्या होगा। हमारे पास पेंशन की भी सुविधा नहीं है। 4 साल बाद हम रोड पर आ जाएंगे। उनका कहना है कि सेना में नियुक्ति की यह योजना रद्द की जाए। वहीं, बेगूसराय में हर हर महादेव चौक पर हृ॥-31 को पूरी तरीके से जाम कर दिया है।
अग्निपथ पर बिहार में बवाल : सेना की नई भर्ती स्कीम के खिलाफ मुजफ्फरपुर में प्रदर्शन