गुवाहाटी: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने वृहस्पतिवार को 17-18 जून को उत्तरी कामरूप के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया। जिले में लगातार बारिश की आईएमडी की भविष्यवाणी के चलते यह फैसला लिया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि 17 जून से कामरूप जिले में लगातार बारिश और खराब मौसम की स्थिति के संबंध में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर, उत्तरी कामरूप के तहत आने वाले उत्तर गुवाहाटी, हाजो, कमलपुर, रंगिया और कायन रेवेन्यू सर्कल के सभी शैक्षणिक संस्थानों (सरकारी और निजी दोनों) को 17 और 18 जून को बंद रखा जाएगा। हालांकि पहले से ही निर्धारित परीक्षाओं के संचालन जारी रहेगा। राज्य में भारी बारिश को देखते हुए दरंग जिला प्रशासन ने भी 16 जून से 19 जून तक जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। दरंग डीसी प्रणव कुमार शर्मा द्वारा जारी एक अधिसूचना में  कहा गया है कि स्थिति में थोड़ा सुधार होने तक रविवार तक स्कूल बंद रहेंगे। असम के जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी 18 जून तक डिमा हसाओ जिले में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया है। विशेष रूप से गुवाहाटी के कई हिस्सों में सोमवार रात से शुरू हुई लगातार भारी बारिश के कारण जलभराव देखा गया। उल्लेखनीय है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जून को भविष्यवाणी की थी कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में 17 जून तक भारी बारिश जारी रहेगी। इसके साथ ही असम और मेघालय राज्य के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।