गुवाहाटी :मेजर जनरल विकास सैनी ने आज शुक्रवार को नारंगी सैन्य शिविर में नई रक्षा भर्ती नीति पर कहा कि सशस्त्र बलों में भर्ती की अग्निपथ योजना देश के युवाओं को देश की रक्षा व्यवस्था से जुड़ने, देश सेवा करने के साथ ही रोजगार का सुनहरा मौका प्रदान करेगी। मेजर जनरल सैनी ने कहा कि कुछ ही दिनों में सेना की भर्ती प्रक्रिया आरंभ होने वाली है। युवाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना का उद्देश्य भारतीय सेना के मानव संसाधन प्रबंधन में प्रतिमान परिवर्तन लाना और सेना को भविष्य के लिए युवाओं को तैयार करना है ताकि संघर्षों के दौरान चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हो। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठाएंगे और सशस्त्र बलों में शामिल होंगे। उन्होंने मीडिया कर्मियों से अग्निपथ योजना के बारे में जागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया ताकि जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंच सके। सैनी ने युवाओं की चिंताएं दूर करते हुए कहा कि इस योजना के तहत भर्ती की अधिकतम आयु सीमा को 17 से 21 थी, लेकिन अब 23 साल करने से बहुत सारे युवाओं को सेना में नौकरी करने का अवसर मिल सकेगा। केंद्र सरकार द्वारा घोषित की गई अग्निपथ योजना से देश के युवाओं को देश सेवा करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। अग्निवीरों को अग्निपथ योजना के तहत चार साल की अवधि के लिए संबंधित सेवा अधिनियमों के तहत बलों में नामांकित किया जाएगा। सशस्त्र बलों द्वारा समय-समय पर घोषित की गई संगठनात्मक आवश्यकता और नीतियों के आधार पर चार साल की सेवा पूरी होने पर अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में स्थायी नामांकन के लिए आवेदन करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन आवेदनों पर उनकी चार साल की अवधि के दौरान प्रदर्शन सहित अन्य मानदंडों के आधार पर केंद्रीकृत तरीके और अवसर देने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चार वर्ष की अनुबंध अवधि के पूरा होने पर अग्निवीर को लगभग 11.71 लाख रुपए के एकमुश्त सेवा निधि पैकेज का भुगतान किया जाएगा। साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी जाएगी। मेजर जनरल ने पूर्वोत्तर के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मैं अपील करता हूं कि सेना में भर्ती की प्रक्रिया कुछ ही दिनों में प्रारम्भ होने जा रही है। वे इसके लिए अपनी तैयारी शुरू करें। उन्होंने बताया कि हमें पूरा विश्वास है कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद जो युवा निकलेंगे वह देश सेवा की भावना से काम करेंगे। ऐसे युवाओं को सीआरपीएफ समेत अन्य क्षेत्रों में रोजगार का सुनहरा अवसर मिलेंगे। इस मौके पर सेना के कई अधिकारी भी उपस्थित थे।
अग्निपथ योजना से युवाओं को सेना से जुड़ने का मिलेगा सुनहरा मौका : मेजर जनरल विकास सैनी