गुवाहाटी/नलबाड़ी : मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों में कामरूप महानगर जिला सहित शोँणितपुर, कोकराझाड़, बंगाईगांव, बाक्सा, बरपेटा, चिरांग, धुबरी और दक्षिण सालमारा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गुवाहाटी स्थित मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी सूचना के अनुसार असम सहित पूर्वोत्तर राज्यों में 21 जून तक भारी बारिश जारी रहेगी। इस दौरान असम और मेघालय में 18 जून तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से चलने वाली तेज दक्षिण-पश्चिम हवाएं पूर्वोत्तर के निचले वातावरण में भारी बारिश का कारण बन सकती हैं। इसलिए असम और मेघालय में 18 जून तक रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार राज्य में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश जारी रहेगी। इस चेतावनी के कारण जिला प्रशासन ने कामरूप, कामरूप महानगर, नलबाड़ी, बरपेटा, दक्षिण सालमारा, मनकाचर और तामोलपुर समेत कई जिलों में कल शिक्षण संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है। मौसम विभाग से मिली तथ्य के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में 7 सेमी या इससे अधिक बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार गोसाईगांव और कोकराझार दोनों में 32 सेमी, एनएच-32 क्रॉसिंग में 27 सेमी, धेमाजी में 25 सेमी, मानाह एनएच क्रासिंग में 24 सेमी और बिजनी और पानबारी में 24 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा ग्वालपाड़ा व नलबाड़ी में 23 सेमी, बरपेटा में 19 सेमी, बक्सा में 17 सेमी, बिलासीपाड़ा में 16 सेमी, हाफलोंग में 15 सेमी, टोंगला, ओदलगुरी और माजबाट 14 सेमी, मंगलदै, पुथिमारी और करीमगंज में 8 सेमी,धुबरी और तेजपुर में 7 सेमी बारिश हुई, जबकि गुवाहाटी में 23.6 सेंटीमीटर बारिश हुई। गुवाहाटी मौसम विज्ञान केंद्र ने सूचना दी कि गुवाहाटी में 23 जून तक बारिश जारी रहेगी। अगले 19, 20 और 21 जून को भारी बारिश नहीं होगी, लेकिन 22 और 23 जून को गुवाहाटी में भारी बारिश की संभावना है। हमारे नलबाड़ी संवाददाता के अनुसार नलबाड़ी जिले में भयंकर बाढ़ को देखते हुए नलबाड़ी जिला प्रशासन ने विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए बाढ़ से प्रभावित लोगों का जायजा लिया। साथ ही सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। दूसरी ओर जिले में दो के डूबकर मरने की खबर है।
असम के नौ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, दहशत