गुवाहाटी :महाराष्ट्र में सियासी भूचाल लाने वाले एकनाथ शिंदे 40 विधायकों के साथ सख्त पहरे में गुवाहाटी के होटल में डेरा जमाए हैं। राज्य में भाजपा सरकार है, पर सेंधमारी की आशंका बनी हुई है। इस बीच खबर ये है कि शिंदे ने सभी विधायकों को गुवाहाटी से इंफाल भेजने की तैयारी कर ली है। बस महाराष्ट्र में सरकार और पार्टियों की बैठकों से आने वाले नतीजों का इंतजार है। एकनाथ शिंदे 40 विधायकों के बुधवार सुबह सूरत से गुवाहाटी पहुंचे और रेडिसन ब्लू होटल आ जमे हैं। होटल के अंदर-बाहर असम पुलिस का पहरा है साथ में सीआरपीएफ भी लगा रखी है। मीडिया को भी एक इंच यहां से वहां नहीं होने दिया जा रहा है। होटल के अंदर से सिर्फ पुलिस अधिकारियों की गाड़ियों ही निकल पा रही हैं। होटल के अंदर एकनाथ शिंदे विधायकों के साथ मीटिंग ले रहे हैं। शाम होने तक मीटिंग के नतीजों का सभी को इंतजार है। शिंदे का दावा है कि उनके पास अभी 40 विधायक हैं और शाम तक 50 विधायक होने की उम्मीद है। इन सभी 40 विधायकों से साइन करवा लिए गए हैं कि उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। यह लेटर महाराष्ट्र के राज्यपाल को भेजा जाएगा। शाम को सभी विधायक वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए राज्यपाल से जुड़ेंगे। इस समय असम के ष्टरू के पास महत्वपूर्ण टास्क यह है कि किसी भी विधायक का महाराष्ट्र सरकार या कांग्रेस के नेताओं से संपर्क न हो पाए। अगर हिमंता ऐसा करने में सफल हो जाते हैं तो इस सफलता का सेहरा उनके सिर पर सजेगा। विधायकों को गुवाहाटी लाने का निर्णय नॉर्थ ईस्ट की राजनीति के लिए बहुत अहम माना जा रहा है। असम में दूसरी दफा भाजपा की सरकार है। नॉर्थ ईस्ट के बाकी राज्यों में भी भाजपा की स्थिति मजबूत है। यह घटना और असम भाजपा की भूमिका इन राज्यों में पार्टी की स्थिति को और भी मजबूत बना सकती है।
बागी विधायकों को गुवाहाटी से इंफाल भेजने की तैयारी