इंफाल : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह ने असम में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री को सोमवार को रवाना किया। सिंह ने राजधानी इंफाल के कांगला गेट से राहत सामग्री ले जा रहे वाहनों को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत सामग्री में 135 क्विंटल चावल, दाल के 102 कट्टे, नमक के 120 कट्टे, सरसों के तेल के 120 डिब्बे शामिल हैं जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान के लिए एसडीआरएफ के 40 कर्मियों को तैनात किया गया है।