गुवाहाटीः प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता सह राज्यसभा सांसद पवित्र मार्घेरिटा को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा का राजनीतिक सचिव नियुक्त किया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता और पार्टी के सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा ने कहा कि मार्घेरिटा समय-समय पर पार्टी द्वारा सौंपे गए अपने सभी कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं और वह अपनी नई भूमिका को सफलतापूर्वक निभा सकेंगे। दूसरी ओर मंगलवार को हेंगराबाड़ी स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बात  करते हुए राज्यसभा सांसद मार्घेरिटा ने मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा,पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता,उत्तर पूर्व महासचिव (संगठन)अजय जामवाल, राज्य के संगठन महासचिव का आभार व्यक्त किया। मार्घेरिटा ने कहा कि मैं देश के ऐसे सक्षम, गतिशील, मेहनती और लोकप्रिय सीएम डॉ शर्मा के राजनीतिक सचिव के रूप में नियुक्त होने के लिए बहुत भाग्यशाली हूं। पवित्र ने कहा कि पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभाया जाएगा। साथ ही प्रदेश की जनता की भलाई के लिए काम करते रहेंगे। प्रदेश महासचिव फणीद्र नाथ शर्मा एवं अन्य राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के नेतागण, शुभचिंतक पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री का राजनीतिक सचिव नियुक्त किए जाने पर उन्हें बधाई दी।