डिगबोई : तिनसुकिया जिले के बरडुमसा अंतर्गत कुजुपथार में अल्फा के खिलाफ पुलिस व सेना ने बीती शनिवार की रात एक अभियान चलाया। गांव में अल्फा के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद ऊपरी असम के डीआईजी जीतमल दलै के नेतृत्व में तथा तिनसुकिया जिले के पुलिस अधीक्षक रिपुंजय काकोति की उपस्थिति में सेना व पुलिस ने यह अभियान चलाया। मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों के आने की भनक लगते ही वहां छिपकर बैठे अल्फाइयों ने ग्रेनेड से उन पर हमला किया। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी अपनी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। लगभग 20 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी के बाद अंधेरे का सहारा लेकर अल्फा सदस्य वहां से फरार हो गए। घटना में किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। आशंका है कि अल्फा सदस्यों का नेतृत्व कट्टर अल्फाई रूपम असम कर रहा था। घटना के बाद से अल्फा सदस्यों की तलाश में सेना व पुलिस असम - अरूणाचल सीमांत क्षेत्रों में जोरदार अभियान चला रही है।