भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वस्व स्थान प्राप्त है। गुरु का स्थान सर्वोपरि है। ज्योतिषविद् विमल जैन बताया कि हिन्दू धर्मशास्त्रों के अनुसार आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया जाता है। तिथि विशेष पर गुरु की आराधना करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है। जिससे जीवन आलोकित होकर सुख-समृद्धि, सौभाग्य के पथ पर अग्रसित होता है। गुरु पूर्णिमा का पर्व अति उमंग व हर्ष उल्लास के साथ मनाने की परंपरा चली आ रही है। गुरु पूर्णिमा का पर्व 13 जुलाई, बुधवार को पड़ रहा है। इस बार आषाढ़ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 12 जुलाई, मंगलवार को अद्र्धरात्रि के पश्चात 4 बजकर 01 मिनट पर लग रही है, जो कि 13 जुलाई, बुधवार को अद्र्धरात्रि 12 बजकर 08 मिनट तक रहेगी। जिसके फलस्वरूप गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व 13 जुलाई, बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि पर कोकिला पूर्णिमा का पर्व मनाया जाता है। इस दिन महर्षि वेद व्यास जी की भी पूजा-अर्चना करने की विशेष महिमा है।पूर्णिमा तिथि के दिन प्रात:काल ब्रह्ममुहूर्त में उठकर स्नान करने के पश्चात स्वच्छ वस्त्र धारण करके, ध्यानादि करके गुरु पूर्णिमा के व्रत का संकल्प लेना चाहिए। अपनी दिनचर्या नियमित संयमित रखते हुए शुचिता के साथ मन-वचन-कर्म पर ध्यान देते हुए गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाना चाहिए।

गुरुपूजा का विधान : काष्ठ की नवीन चौकी पर श्वेत वस्त्र पर पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण 12-12 रेखाएं बनाकर व्यासपीठ बनाने का विधान है तथा दशों दिशाओं में अक्षत छोडक़र दिग् बंधन किया जाता है। ब्रह्म, ब्रह्मा, परावर शक्ति, व्यास, शुकदेव, गोड़़पाद, गोविंद स्वामी और शंकराचार्य के नाममंत्र से आवाहन करके पूजा करते हैं। अपने दीक्षा गुरु तथा माता-पिता, पितामह, भ्राता आदि की भी पूजा करने का विधान है। इस दिन अपने गुरु को भक्ति भाव श्रद्धा के साथ नवीन वस्त्र, नकद द्रव्य, ऋतुफल एवं मिष्ठान्न आदि भेंट स्वरूप  अर्पित करके चरण स्पर्श करना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि गुरु का आशीर्वाद ही जीवन में कल्याण करने वाला, सौभाग्य में अभिवृद्धि करने वाला माना गया है। 

मो. : 09335414722