गुवाहाटी : राज्य में फिर से कोविड-19 का संक्रमण तेजी से फैलने लगे हैं। राज्य में रोजाना वायरस का संक्रमितों की संख्या 500 पार कर चुका है। हालांकि, वायरस के तेजी से फैलने के बावजूद, राज्य सरकार कोई प्रतिबंध नहीं लगाना चाहती है, लेकिन दो जिलों के उपायुक्त सार्वजनिक स्वास्थ्य कारणों से कोविड एसओपी जारी करने के लिए मजबूर हो गए हैं। कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कछार जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को अनिवार्य कर दिया है। कछार उपायुक्त ने बिना मास्क पहने लोगों को पेट्रोल पंपों और व्यवसाय संस्थानों में सामान बेचने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इसी तरह कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए तिनसुकिया जिला उपायुक्त ने भी सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के निर्देश जारी किए हैं। तिनसुकिया के जिला उपायुक्त नरसिंह पवार ने मंगलवार को निर्देश जारी कर जनता से कोविड-1 से संबंधित छह स्वास्थ्य नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया। उनसे लोगों से कोविड-19 वैक्सीन लेने और सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ न करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से इकट्ठा न होने का भी आग्रह किया। यदि किसी में कोविड-19 के कोई लक्षण दिखाई देते हैं तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाएं, हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करे और अपने हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोए। इस बीच, कछार जिला प्रशासन ने पिछले एक सप्ताह में कोविड-19 संक्रमण में वृद्धि को देखते हुए जिले के लोगों को सख्त निर्देश जारी किया है। सरकार ने सरकारी अधिकारियों, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ सहित सभी के लिए मास्क पहनना और कोविड-19 नियमों और विनियमों का पालन करना अनिवार्य कर दिया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने मंगलवार को एक निर्देश जारी किया जिसके अनुसार सभी लोगों को किसी भी सभा में भाग लेते समय मास्क पहनना अनिवार्य है। सभी दुकानों और व्यवसाय संस्थानों को हैंड सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करना जरूरी है। दुकानों, पेट्रोल पंपों, बैंकों, मॉल और सरकारी और निजी कार्यालयों के प्रवेश द्वारों पर नो मास्क, नो एंट्री साइन अनिवार्य रूप से चिपकाए जाएं। उल्लेखनीय है कि बुधवार को राज्य में कोविड के 590 नए मामले सामने आए। गुवाहाटी शहर में बुधवार को कोविड-19 से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दावा किया है कि इस बार वायरस खतरनाक नहीं है। हालांकि गुवाहाटी शहर कोविड-19 के लिए एक हॉटस्पॉट बन गया है और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मुताबिक गुवाहाटी में पिछले 10 दिनों में 759 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं। लेकिन अभी तक प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शहर के निवासियों की सुरक्षा के लिए कोई निवारक उपाय नहीं किए हैं, लोगों में मास्क पहनने की आवश्यकता के बारे में जागरूकता फैलाने की तो बात ही छोड़ दें। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वृहस्पतिवार को जारी किए आंकड़े के मुताबिक 145 दिनों के अंतराल के बाद भारत में रोजाना 20,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो रहे हैं। सक्रिय मामलों की संख्या बढक़र 1,36,076 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 20,139 नए मामले सामने आए जिससे कुल मामलों की संख्या 4,36,89,989 तक पहुंच गई। दूसरी ओर असम में पांच महीने से अधिक समय बाद बृहस्पतिवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 590 मामले सामने आए। स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि चार दिन के अंतराल के बाद संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। राज्य में एक दिन पहले की तुलना में संक्रमण के मामलों में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बुधवार को संक्रमण के 434 मामले सामने आए थे। नए मामले सामने आने के साथ ही अब राज्य में संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 7,27,909 हो गई है।
राज्य में कोविड-19 की स्थिति चिंताजनक