कन्नूर : 76 देशों में दहशत फैलाने वाला मंकीपॉक्स अब भारत में भी दस्तक दे चुका है। केरल के कन्नूर शहर में सोमवार को दूसरा मामला सामने आया। इससे पहले गुरुवार को केरल के ही कोल्लम में पहले मामले की पुष्टि हुई थी। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि दूसरा मरीज 31 साल का युवक है। वह दुबई से मेंगलुरु एयरपोर्ट पर 13 जुलाई को आया था। इससे पहले 35 साल का मरीज संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से कोल्लम पहुंचा था। जांच के बाद उसमें भी लक्षण पाए गए थे। जॉर्ज ने बताया कि दो केस सामने आने के बाद राज्य के पांच जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा और कोट्टायम को हाईअलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि मरीजों का संपर्क इन जिलों से रहा है। इधर, दुबई से लौटे दूसरे मरीज को इलाज के लिए परियाराम मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है। उसके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है। मंकीपॉक्स को तेजी से फैलता देख केंद्र सरकार भी हरकत में आ गई है। पहला केस मिलने के बाद हेल्थ मिनिस्ट्री ने शुक्रवार को जरूरी दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनमें विदेश से आने वाले यात्रियों की टेस्टिंग,  मरीज के संपर्क में आए लोगों की निगरानी और इलाज करने की प्रक्रिया का भी जिक्र है। यात्रियों को जंगली जानवरों का मीट न खाने और अफ्रीका के जानवरों से बनी क्रीम, लोशन और पाउडर जैसी चीजों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। वे लोग जो पिछले 21 दिनों में मंकीपॉक्स से ग्रस्त देशों की यात्रा कर लौटे हैं और उनमें बीमारी के लक्षण हैं, उन्हें संदिग्ध मरीजों की लिस्ट में शामिल किया जाएगा।