मानसून का मौसम चिलचिलाती गर्मी के बाद आता है और सभी को राहत देकर जाता है। मानसून की बारिश सभी को तरोताजा तो कर देती है लेकिन यह कई खतरनाक बीमारियां भी अपने साथ लेकर आती है। बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी रहती है जो कीटाणुओं के पनपने और मच्छरों के प्रजनन की वजह बनती है। मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और टाइफाइड जैसी कई अन्य बीमारियां इस मौसम में आम है लेकिन यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। इसलिए जरुरी है कि आप बरसात के मौसम में खुद को स्वस्थ रखने की कोशिश करें। लेकिन आप खुद को स्वस्थ कैसे रखेंगे? इसके लिए आप नीम की पत्तियों का इस्तेमाल कर सके हैं। मानसून के मौसम में नीम हमारे स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसलिए सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट मुनमुन गनेरीवाल ने हाल ही में नीम के पत्तों की चाय की रेसिपी सांझा की है, जो बरसात के मौसम में आपको बीमारियों से बचाने में मदद करेगी।
नीम की चाय बनाने के विधि : इसके लिए आप डेढ़ कप पानी में नीम की पत्तियां और अदरक डालकर उसे 10 से 15 मिनट उबाल लें। आपकी चाय बनकर तैयार हैं और आप चाहें तो इसमें शहद मिलाकर भी पी सकते हैं।
नीम की चाय के फायदें : डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद- नीम की चाय में फ्लेवोनोइड्स, एंटीऑक्सिडेंट्स, एंटी-वायरल और एंटी-इंफ्लेमेटरी यौगिक पाए जाते हैं, जो नॉन-इंसुलिन पर निर्भर डायबिटीज के मरीजों के लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद करता है।
दिल के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद : कई अध्ययनों में यह बात सामने आई है कि नीम के पत्तों का नियमित सेवन खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा यह ब्लड प्रेशर को कम करने के लिए भी जाना जाते हैं।
लिवर के लिए फायदेमंद : नीम की चाय लिवर को मजबूत करने के लिए जानी जाती है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लडऩे में मदद करते हैं।
इम्युनिटी बढ़ाने में फायदेमंद : नीम की चाय एंटीऑक्सिडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-वायरल और एंटीसेप्टिक गुणों से भरपूर होती है। यह गुण हमारे शरीर में फ्री रैडिकल डैमेज को रोकते हैं, जो हमारी इम्युनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।