बाबा श्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले में पर्यावरण संरक्षण के लिए श्री श्याम पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा संस्थान पदाधिकारियों ने अनूठी पहल की। जिसमें लोगों को कूपन देकर पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को पेड़ लगवाने के लिए संकल्प भी दिलवाया गया। संस्थान पदाधिकारी बजरंग सिंह ने बताया कि मेले के दौरान संस्थान पदाधिकारियों व सदस्यों ने पदयात्रा मार्ग पर पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पहल प्रारंभ की है। जिसमें पांच हजार श्रद्धालुओं को सदस्यता कूपन देकर पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। और श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ, शादी विवाह सहित अनेक शुभ कार्य को प्रारंभ करने से पहले बाबा श्याम के नाम पर एक पेड़ लगाए। और उसकी सार संभाल करे। पौधा बड़ा होकर पेड़ बन जाएगा, ओर आने वाली पीढिय़ों को हर खुशी की याद दिलाता रहेगा। साथ ही आमजन को भी इस कार्य के लिए प्रेरित करे, जिससे एक ओर पर्यावरण को बढ़ावा मिल सके। दूसरी ओर आने वाली पीढिय़ां पर्यावरण संबंधित समस्या से निजात पाकर शुद्ध ऑक्सीजन ले सके। संस्थान के पदाधिकारियों ने सदस्यता कूपन देकर पेड़ लगवाने के लिए संकल्प भी दिलवाया। जिस पर पदयात्री श्रद्धालुओं ने नई पहल के साथ पदयात्रा प्रारंभ की। लोगों ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता पर इस पहल की काफी तारीफ की। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, सदस्य व क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।