नई दिल्ली : अगस्त महीना शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। नया महीना अपने साथ कई बदलाव लेकर आ रहा है। इनका सीधा असर आपकी पॉकेट और जिंदगी पर पड़ेगा। इसलिए जरूरी है कि नियमों की जानकारी पहले ही अपने पास रखें। 1 अगस्त से बैंक ऑफ बड़ौदा चेक भुगतान के नियम में बदलाव करने जा रहा है। 1 अगस्त से आईटीआरफाइल करने के लिए 5 हजार रुपए लेट फीस चुकानी होगी। हम आपको ऐसे 4 बदलावों के बारे में बता रहे हैं जिनका असर आप पर पड़ेगा। 1 अगस्त से बैंक ऑफ बड़ौदा अपने चेक भुगतान के नियम में कुछ बदलाव करने जा रहा है। बैंक ने अपने ग्राहकों को कहा है कि 1 अगस्त से 5 लाख या उससे अधिक अमाउंट वाले चेक के भुगतान के लिए पॉजिटिव पे सिस्टम अनिवार्य होगा। ये बदलाव चेक पेमेंट को सेफ बनाने और बैंक फ्रॉड को रोकने के लिए किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की केवाईसी के लिए भी आपको 31 जुलाई का वक्त दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर किसानों को पीएम किसान की 12वीं किस्त का पैसा नहीं मिलेगा। 1 अगस्त से किसान केवाईसी नहीं कर सकेंगे। किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर भी अपनी ईकेवाईसी करवा सकते हैं। इसके अलावा घर बैठे ऑनलाइन पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ईकेवाईसी करा सकते हैं। 31 जुलाई के बाद यानी 1 अगस्त से आईटीआर फाइल करने पर टैक्सपेयर्स को लेट फीस देनी होगी। अगर किसी इंडिविजुअल टैक्सपेयर की सालाना आय 5 लाख रुपए से ज्यादा है, तब उसे 5000 रुपए की लेट फीस देनी होगी। अगर टैक्सपेयर की ऐनुअल इनकम 5 लाख रुपए से कम है, तब उसे लेट फीस के रूप में 1,000 रुपए भरने होंगे।