गुवाहाटी : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि केंद्र ने 2022-23 में आपदा सहायता के रूप में असम को 648.80 करोड़ रुपए जारी किए। मंत्री ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन से असम के विभिन्न जिलों में व्यापक नुकसान हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस साल अप्रैल से अब तक राज्य में बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा में करीब 199 लोगों की मौत हो चुकी है। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के अनुरोध से पहले ही बाढ़ से हुए नुकसान के मौके पर आकलन के लिए 19 मई, 2022 को एक अंतर मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) का गठन किया है। उन्होंने बताया कि आईएमसीटी ने 26 मई से 29 मई तक और दूसरी बार 30 जून से 3 जुलाई तक असम का दौरा किया। उन्होंने एक लिखित प्रश्न के उत्तर में कहा, केंद्र ने वर्ष 2022-23 के राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष की दोनों किस्तें कुल मिलाकर 648.80 करोड़ रुपए अग्रिम रूप से जारी कर दी गई है ताकि असम सरकार को प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने में मदद मिल सके।