गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य जिहादी गतिविधियों का अड्डा बन रहा है और पिछले कुछ महीनों में यहां बांग्लादेश स्थित आतंकवादी संगठन अंसारुल इस्लाम के पांच ‘मॉड्यूल’ का पर्दाफाश हुआ है। डॉ.शर्मा ने उपरोक्त आशय की बातें आज वृहस्पतिवार को असम सचिवालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कही। मौके पर उपस्थित पत्रकारों से गुफ्तगू करते हुए सीएम ने कहा कि अंसारुल इस्लाम से संबंधित छह बांग्लादेशी नागरिक युवाओं को बरगलाने के लिए असम आए और उनमें से एक को इस साल मार्च में बरपेटा में पहले मॉड्यूल का पर्दाफाश होने के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि असम के बाहर के इमामों का मुस्लिम युवकों को निजी मदरसों में पढ़ाई के नाम पर बरगलाना चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिहादी गतिविधि आतंकवादी या उग्रवाद गतिविधियों से बहुत अलग है। यह कई वर्षों तक बरगलाने के साथ शुरू होती है, इसके बाद इस्लामी कट्टरवाद को बढ़ावा देने में सक्रिय भागीदारी होती है और अंत में विध्वंसक गतिविधियों की तरफ जाती है। राज्य में 2016-17 में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी नागरिकों ने कोविड-19 महामारी के दौरान कई प्रशिक्षण शिविरों का संचालन किया। उन्होंने कहा कि इनमें से केवल एक बांग्लादेशी को अब तक गिरफ्तार किया गया है और मैं लोगों से अपील करता हूं कि राज्य के बाहर का कोई भी मदरसे में शिक्षक या इमाम बन जाए तो उसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पिछले पांच महीनों में राज्य पुलिस ने अन्य जांच एजेंसियों की मदद से अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) नाम के एक आतंकवादी संगठन के पांच मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि अब तक 29 एबीटी नेताओं या कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने बरपेटा, बंगाईगांव और मोरीगांव में एबीटी के स्लीपर सेल का भंडाफोड़ किया और संगठन में शामिल होने के लिए भोले-भाले युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले जिहादी साहित्य को भी बरामद किया। सीएम ने यह भी कहा कि हमने इन जिहादियों द्वारा संचार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले हाई-एंड इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी बरामद किया है। सीएम ने बताया कि जिहादी गिरोह के सदस्य एक दूसरे के साथ संवाद करने के लिए अत्यधिक एन्कि्रप्टेड चैट लिंक का उपयोग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे कुछ ऐसे मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करते हुए पाए गए हैं जिनके बारे में हमने कभी नहीं सुना या उन्हें नहीं जाना। दूसरी ओर माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर सीएम शर्मा ने इसकी जानकारी दी और कहा कि असम पुलिस की ओर से जिहादी मॉड्यूल के खिलाफ कई सफल ऑपरेशन किए गए हैं। पिछले 5 महीनों में पुलिस ने अन्य जांच एजेंसियों की मदद से आतंकवादी संगठन अंसारुल्लाह बांग्ला टीम के 5 ऐसे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। सीएम ने आगे लोगों से सतर्क रहने और राज्य में इन जिहादियों द्वारा फैलाई गई चुनौतियों से निपटने में प्रशासन की मदद करने का आग्रह किया। उन्होने कहा, मैं सभी से सतर्क रहने और राज्य को इन जिहादियों द्वारा पेश की गई चुनौतियों से निपटने में प्रशासन की मदद करने का आग्रह करता हूं। शांतिप्रिय मुस्लिम समूह पहले ही इस उद्देश्य के लिए हमसे हाथ मिला चुके हैं। वर्तमान स्थिति इन बुरी ताकतों को हराने के लिए उच्च स्तर की सतर्कता की मांग करती है। सीएम ने राज्य के बाहर के इमामों द्वारा मुस्लिम युवकों को निजी मदरसों में पढ़ाने पर भी चिंता व्यक्त की।
असम में एबीटी के 5 आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश : सीएम