नई दिल्ली : कांग्रेस ने महंगाई, जीएसटी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को सुबह से ही संसद से सड़क तक प्रदर्शन किया। इस बार कांग्रेस की अलग ही स्ट्रैटेजी दिखी। सबसे पहले सोनिया ने कांग्रेसी सांसदों के साथ संसद में काले कपड़े पहनकर जमकर नारेबाजी की। उसके बाद राहुल संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने के लिए     निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और हिरासत में ले लिया। इसके बाद, पार्टी मुख्यालय में मौजूद प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाला और वे अपने सांसदों के साथ पीएम आवास घेरने के लिए निकलीं, लेकिनयहां भी पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। नतीजन, वे सड़क पर ही घरने पर बैठ गईं। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। इस दौरान अजय माकन, सचिन पायलट, हरीश रावत, अविनाश पांडे सहित कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस राजस्थान में बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है। अलग-अलग जिलों में नेता नए-नए तरीकों से विरोध जता रहे हैं। राजस्थान से बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन में भी शामिल होने पहुंचे हैं। यहां कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया है।  शुक्रवार को पटना में कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजभवन मार्च निकाला। मार्च कुछ दूर ही निकला था कि पुलिस ने कर उसे रोक दिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। कार्यकर्ता सड़क पर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस गाड़ी को घेर लिया और विरोध करने लगे। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने अपना विरोध प्रदर्शन किया। देश में बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भर के अलग-अलग जिलों से आए जिला स्तर के नेताओं के अलावा प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। अंबेडकर चौक में धरना देने के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत कुछ कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राज भवन में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर धरना प्रदर्शन का समापन किया। इससे पहले, सुबह राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया। दरअसल, कांग्रेस आज देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। मीडिया से बात करने के दौरान वह अपने बाजू पर काली पट्टी बांधे थे। देश की मीडिया, इलेक्टोरल सिस्टम इनके दम पर विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन देश में हर इंस्टीट्यूट में आरएसएस का आदमी बैठा है। वह सरकार के कंट्रोल में है। जब हमारी सरकार होती थी तब इंफ्रास्ट्रक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। आज यह सरकार के साथ है। कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां लगा दी जाती हैं। मेरी दिक्कत ये है कि मैं सच्चाई बोलूंगा, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाने का काम करूंगा। जो डरता है, वो धमकाता है। जो आज देश की हालत है उससे डरते हैं, जो उन्होंने पूरे नहीं किए, महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं। जनता की शक्ति से डरते हैं, क्योंकि ये 24 घंटा झूठ बोलते हैं।