गुवाहाटीः नगर में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए महानगर पुलिस दिन-रात एक कर रही है, परंतु फिर भी जैसे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी का उदाहरण गत कल गुरुवार की रात को सामने आया, जब नगर में एक ही रात में नगर के तीन धार्मिक स्थलों में चोरी हुई। मिली जानकारी के अनुसार नगर के भेटापाड़ा के गोपाल पथ स्थित विष्णु मंदिर के दरवाजे तोड़ कर चोरों ने दान पात्र पर अपना हाथ साफ किया। इसके अलावा भी मंदिर में मौजूद पीतल के बर्तन भी चोर अपने साथ ले गए। वहीं दूसरी ओर बेलतला के गणेश मंदिर में चोरों ने गेट तोड़ कर गणेश की प्रतिमा में मौजूद मूल्यवान अभूषणों को चुराया तथा कई बर्तन भी अपने साथ ले उड़े। इसके अलावा भी एक बाथो मंदिर में कई मूल्यवान सामग्री बर्तन व नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया। उक्त मामलों के खिलाफ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है तथा चोरों की तलाश में लगी है।