ग्वालपाड़ा जिले में स्थित 152 वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं वनविभाग ग्वालपाड़ा द्वारा दहिकाटा रिजर्व फोरेस्ट के अन्तर्गत उद्यापुर क्षेत्र में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ राजीव कुमार झा द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट-152) एवं जितेन्द्र कुमार आईएफएस, डीएफओ, ग्वालपाड़ा द्वारा सॉल का पौधा लगा कर किया गया। इस अभियान में 152 वाहिनी के जवानों एवं वन विभाग ग्वालपाड़ा के साथ साथ उद्यापुर ग्राम से स्थानीय नागरिकों ने उत्सुकता के साथ भाग लेकर पौधारोपण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजाति के कुल 2000 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर श्री झा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रकृति से होने वाले विनाश को हम अपनी आंखों से देख रहे हैं जिसके अन्तर्गत भूस्खलन, बाढ़, नदियों का मार्ग परिवर्तन, जंगली जानवरों का हिंसक रूप आदि है जिसे अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण कर काबू में किया जा सकता है और हमें पूर्ण विश्वास है कि इस दिशा में जरूर सफलता मिलेगी और सभी देशवासियों को इस दिशा में एक जुट होकर कार्य करना होगा जिससे कि अपना वास्तविक स्वरूप खो चुकी प्रकृति को पुनर्जीवित किया जा सके। साथ ही वनों में लगातार हो रही कमी पर नियंत्रण पाने का पूरा प्रयास रहेगा जिससे वन्य प्राणियों को अपने भोजन एवं आवास की उपलब्धता हासिल होगी और जंगली जानवरों का आवासीय क्षेत्रों में आवागमन कम होने से हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगेगा। श्री झा ने संबोधन के दौरान ग्राम के स्थानीय नागरिकों को इसी प्रकार पौधारोपण कर अपने आसपास के क्षेत्र को हराभरा बनाए रखने हेतु प्रेरित किया। 152 बटालियन ग्वालपाड़ा जिले में आंतरिक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है और आम जनता के बीच सामंजस्य, सहयोग एवं विश्वास  की पूर्ण भागेदारी लगातार निभा रही है।