नलबाड़ीः विद्युत संशोधन विधेयक, 2022 के विरोध में विद्युत कर्मचारी संघ ने नलबाड़ी में प्रदर्शन किया। विद्युत कर्मचारी इंजीनियरों और पेंशनरों की समन्वय समिति ने असम राज्य विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ और असम राज्य विद्युत आपूर्ति श्रमिक संघ की पहल के तहत नलबाड़ी विद्युत उप-मंडल (2) कार्यालय के परिसर में एक दिन का विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बिजली संशोधन विधेयक, 2022 और बिजली विभाग के निजीकरण को रोकना, अस्थायी कर्मचारियों की नौकरियों को नियमित करना, एनपीएस और पुरानी पेंशन को रद्द करने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विभिन्न मांगों को लेकर जबर्दस्त नारेबाजी करते हुए पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया। इसके साथ संघ के सदस्यों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को राज्य सरकार द्वारा जल्द से जल्द पूरा नहीं किया जाता है तो वे लोग अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरेंगे और आंदोलन तीव्र होगा। इस अवसर पर असम राज्य विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजीव बेजबरुवा, असम राज्य विद्युत आपूर्ति श्रमिक संघ के केंद्रीय सदस्य मुनींद्र शर्मा, कार्यालय के एसएमआर प्रीतम शर्मा, कनिष्ठ प्रबंधक गौतम बेजबरुवा के साथ ही स्थायी और अस्थायी कर्मचारी उपस्थित थे।