गुरुग्राम सेक्टर-9 स्थित राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस और एनसीसी इकाई द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत पौधरोपण एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्रांगण में 100 पौधे लगाए गए। इसके अलावा तिरंगा वितरित कर हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डॉ ललिता, रोहित शर्मा, एनसीसी एएनओ डॉ. सतीश यादव सहित एनएसएस के छात्र एवं छात्राओं की इकाइयों ने सबसे पहले महाविद्यालय के प्रांगण में गिलोय, एलोवेरा, सदाबहार, पत्थरचट्टा, तुलसी, नीम सहित लगभग 100 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया। इसके बाद एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेट्स द्वारा सेक्टर-9 क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों में तिरंगा वितरित कर उन्हें हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। एनसीसी इकाई ने सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में साफ-सफाई तथा पौधरोपण कर स्वच्छता अभियान में योगदान दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के कठोर बलिदान से हमें आजादी हासिल हुई है। हमें आपसी एकता एवं भाईचारे के साथ आजादी का मान-सम्मान बनाए रखना है। देश सेवा ही हम सभी का प्रथम कर्तव्य होना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने घरों एवं आस-पड़ोस में तिरंगा फहराने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर डॉ. ललिता ने कहा कि हम सभी को आजादी के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है। उन्होंने छात्रों से राष्ट्रीयता और देश हित के लिए काम करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. संजय कात्याल, डॉ. सुरेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।