गोलाघाट/दिसपुर : आज विजिलेंस एंड एंटीकरप्शन टीम ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चलाकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पहली घटना मेंविजिलेंस एंड एंटीकरप्शन के अधिकारियों  की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बोकाखात महकमा आबकारी विभाग कार्यालय में रिश्वत लेने के जुर्म में रंगेहाथ एक कार्यालय सहायक को धर दबोचा गया। बोकाखात महकमाधिपती कार्यालय के प्रांगण में स्थित आबकारी विभाग कार्यालय की भ्रष्टाचार निवारक शाखा की ओर से एक विशेष अभियान चलाते हुए विभाग के कार्यालय सहायक लोहित फूकन को घुस लेते  हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बोकाखात महकमा आबकारी विभाग का कार्यालय सहायक नगरपालिका अधीन वार्ड नम्बर  दो का निवासी हैं। पुलिस विभाग से प्राप्त तथ्यों के अनुसार विदेशी शराब कारोबारी नीलोत्पल राजखोवा से घुस लेते समय भ्रष्टाचार निवारक शाखा की एक टीम ने कार्यालय सहायक लोहित फूकन को रंगेहाथों पकड़ लिया। नीलोत्पल राजखोवा की शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारक शाखा ने आबकारी विभाग के कार्यालय से लोहित फूकन को गिरफ्तार किया, वहीं इस संदर्भ में कारोबारी नीलोत्पल राजखोवा ने बताया कि अभियुक्त कार्यालय सहायक ने उनसे दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन राजखोवा के अनुरोध पर इस अधिकारी ने चार हजार रुपए में राजी हो गया था। जब रिश्वत की इस रकम का भुगतान करने गए तभी  उसी के कार्यालय में एसीबी की टीम ने रंगेहाथों उसे धर दबोचा। वर्तमान अभियुक्त लोहित फूकन भ्रष्टाचार निवारक शाखा के जिम्मे में है और गिरफ्तार अभियुक्त से अधिक जानकारी के लिए पूछताछ जारी है। दूसरी ओर कामरूप जिले के तामुलपुर के उप रजिस्टार को निदेशालय सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक असम की टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी राज्य के विशेष डीजीपी जीपी सिंह ने ट्वीट कर दी। जीपी सिंह ने कहा कि सरकारी अधिकारियों के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारा अथक अभियान जारी है। आज निदेशालय सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक असम की टीम ने उप पंजीयक तामुलपुर कार्यालय के गोपीनाथ दास को रिश्वत के पैसे लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।