नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (13 अगस्त) को सुबह 11 बजे दिल्ली में अपने आधिकारिक आवास पर राष्ट्रमंडल खेलों के सभी पदक विजेताओं की मेजबानी करेंगे। उन्होंने बर्मिंघम जाने से पहले खिलाडिय़ों से मिलने का वादा किया था। भारत ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 61 पदक अपने नाम किए और चौथे स्थान पर रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल भी टोक्यो ओलंपिक समाप्त होने के बाद वहां से लौटकर आए पदक विजेताओं से मुलाकात की थी। इस बार खिलाडिय़ों के बर्मिंघम रवाना होने से कुछ दिन पहले वीडियो कॉल पर बात की थी। तब उन्होंने कहा कि था कि वह खिलाडिय़ोंं से राष्ट्रमंडल खेलों के बाद मिलने के लिए समय निकालेंगे। प्रधानमंत्री अब अपने वादे को निभाने वाले हैं। पीएम मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान लगातार खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया था। उन्होंने पदक जीतने के तुरंत बाद खिलाडिय़ों की तारीफ की और उनके लिए ट्वीट किए थे। 22 स्वर्ण जीतने के साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में ओवरऑल भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या 200  के पार पहुंच गई है। भारत ने अब तक राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 203 स्वर्ण, 190 रजत और 171 कांस्य पदक जीते हैं। वहीं, बर्मिंघम में ऑस्ट्रेलिया 67 स्वर्ण, 57 रजत और 54 कांस्य समेत कुल 178 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। इंग्लैंड 57 स्वर्ण, 66 रजत और 53 कांस्य समेत 176 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 26 स्वर्ण, 32 रजत और 34 कांस्य समेत 92 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।