गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को दरंग जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजमोहन राय, अतिरिक्त एसपी रूपम फुकन और धुला थाना प्रभारी को एक 13 वर्षीय किशोरी की अप्राकृतिक मौत और परिजनों से दुव्र्यवहार किए जाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत सहित मृतका के ढेकियाजुली आवास पर परिजनों से बातचीत की और दरंग पुलिस प्रशासन पर लगे आरोपों की जानकारी ली। पुलिस पर आरोप है कि पुलिस ने घटना के फोटो और वीडियो साक्ष्य एकत्र करने में लापरवाही दिखाई। उन पर यह भी आरोप है कि धुला थाना प्रभारी ने मृतक के परिजनों पर अप्राकृतिक मौत की लिखित शिकायत न करने का दबाव भी बनाया था। उपरोक्त आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने डीजीपी को घटना की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने को कहा। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार एसआईटी के तीन सदस्यों में से दो महिलाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मृतक के परिवार के लिए सरकारी योजना के तहत मकान बनवाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने शोणितपुर के उपायुक्त को मृतक के परिवार को अरुणोदय योजना में शामिल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि निलंबित पुलिस अधीक्षक राज मोहन राय के स्थान पर प्रशांत सैकिया को पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके साथ निलंबित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपम फुकन के स्थान पर निरुपम हजारिका को जिम्मेवारी सौंपी गई है।