पटना/ नई दिल्लीः सीबीआई और ईडी की टीम ने बुधवार को देशभर में 42 ठिकानों पर छापेमारी की। सीबीआई की टीम ने बिहार में ही राजद के 6 नेताओं समेत 25 ठिकानों पर छापा मारा। इनमें राजद के 2 राज्यसभा सांसदों के अलावा पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी, पार्टी के फाइनेंसर अबु दोजाना और लालू के ह्रस्ष्ठ रहे भोला यादव शामिल हैं। भोला बिहार में बालू माफिया के नाम से भी प्रसिद्ध हैं। एक टीम गुरुग्राम के अर्बन क्यूब 71 मॉल भी पहुंची है। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि मॉल लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का है। इसे दोजाना की कंपनी बना रही है। इधर, विधानसभा में तेजस्वी ने कहा- मॉल मेरा नहीं है। उसका उद्घाटन भाजपा सांसद ने किया था। सीबीआई ने आरजेडी के छह नेताओं के घर छापा मारा। इनमें एमएलसी  सुनील सिंह, राज्यसभा सांसद अशफाक करीम, राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद, बु दोजाना, पूर्व एमएलसी सुबोध राय और लालू के करीबी और बालू माफिया सुभाष यादव शामिल हैं। सीबीआई की टीम सुबह 8 बजे इन नेताओं के घर पहुंची थी। लैंड  फॉर जॉब के केस में 5 सेल डीड का जिक्र था। आज 25 लोकेशनों पर हुई छापेमारी के दौरान सीबीआई ने अभी दावा किया है कि उनकी टीम के हाथ 200 सेल डीड के पेपर मिले हैं। जांच एजेंसी इसे अपने हाथ लगे बड़ा सबूत मान रही है। पीआरओ के अनुसार छापेमारी की कार्रवाई अब खत्म हो गई है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सीबीआई की कार्रवाई पर भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि ये बलात्कारी पार्टी है। फ्लोर टेस्ट के पहले ही नीचता पर आ गई है। अपने पोसुआ (पालूत जानवर) को डराने के लिए भेजा है। राबड़ी देवी ने कहा कि हम चुप बैठने वाले लोगों में से नहीं हैं। तेजस्वी यादव बोले कि सौ सुनार की, एक लोहार की। मालूम हो कि दरअसल यह घोटाला यूपीए-1 सरकार में लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान का है। आरोप है कि जब लालू यादव रेल मंत्री थे तो जॉब लगवाने के बदले जमीन और प्लॉट लिए गए थे। इस मामले में सीबीआई ने लालू यादव के करीबी भोला यादव को गिरफ्तार किया था।