गुवाहाटी : शिक्षा विभाग ने राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से स्कूलों के विलय की योजना बनाई है। शिक्षा विभाग ने छात्रों की कमी, शिक्षकों की समस्या, कम दूरी और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण हजारों स्कूलों को बंद कर दिया है। राज्य के प्राथमिक शिक्षा विभाग ने इस साल विलय के बहाने राज्यभर के 1,710 उच्च और निम्न प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर दिया है। प्राथमिक शिक्षा विभाग को 2,114 स्कूलों के विलय के प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से 1,710 स्कूलों को बंद कर दिया गया। इन प्राथमिक विद्यालयों को पास के विद्यालयों में शामिल किया गया है। पहले ही बंद हो चुके प्राथमिक विद्यालयों की सूची विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने राज्य के 2500 स्कूलों को बंद करने की घोषणा के बाद 195 नव निजीकृत माध्यमिक विद्यालयों को विलय प्रक्रिया के माध्यम से अन्य विद्यालयों में विलय करने का नोटिस जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने संबंधित स्कूलों की सूची प्रकाशित कर दी है। छात्रों की संख्या कम होने के कारण 195 स्कूलों को आसपास के अन्य स्कूलों से जोडऩे का आदेश दिया गया है। इस संबंध में बेस स्कूलों की सूची भी प्रकाशित कर दी गई है जिससे इन 195 स्कूलों को जोड़ा जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा प्रकाशित सूचना के अनुसार बरपेटा जिले में 47 स्कूल, बंगाईगांव जिले में 13 स्कूल, कछार जिले में 10 स्कूल, दरंग जिले में 7 स्कूल, धेमाजी जिले में 23 स्कूल, धुबरी जिले में 18 स्कूल, डिब्रूगढ़ जिले में 1 स्कूल, ग्वालपाड़ा जिले में 5 स्कूल, गोलाघाट जिले में 2 स्कूल, हैलाकांडी में 3 स्कूल और जोरहाट जिले में 10 स्कूल, कामरूप (मेट्रो) जिले में 4 स्कूल, कामरूप (ग्रामीण) में 18 स्कूल, करीमगंज जिले में 4 स्कूल, लखीमपुर जिले में 10 स्कूल, मोरीगांव जिले में 9 स्कूल, नगांव जिले में 3 स्कूल, नलबाड़ी जिले में 1 स्कूल, सिवसागर जिले में 7 स्कूल, सोनितपुर जिले में 1 स्कूल और तिनसुकिया जिले में 2 स्कूल अन्य स्कूलों के साथ शामिल किए गए। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ममता होजाई ने 21 जिलों के 195 स्कूलों के विलय के निर्देश भेज दिया है। संबंधित जिलों के स्कूल निरीक्षकों को विलय की प्रक्रिया को तेजी से लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस के मुताबिक नए निजीकृत स्कूलों की जमीन, भवन और अन्य संपत्तियां सरकार के नियंत्रण में रहेंगी।
राज्य के 1710 उच्च एवं निम्न प्राइमरी स्कूल और 195 हाई स्कूल हुए बंद