गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। साथ ही इसकी अध्यक्षता करते हुए ग्रेड-3 के लिए रिक्त पदों को भरने के लिए रविवार को होने वाली भर्ती परीक्षाओं की तैयारी का जायजा लिया। इस बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)के साथ- साथ उन जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद थे जहां-जहां यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि कल की परीक्षा प्रक्रिया उसी तरह से पूरी हो, जैसे पहले ग्रेड-4 पदों के लिए हुई थी। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों, विशेष रूप से डीसी और एसपी को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में यातायात को नियंत्रण में रखें ताकि परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों पर समय पर पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत, प्रमुख सचिव (गृह और राजनीतिक) नीरज वर्मा और अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कल की परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार में रिक्त पदों को पूरी तरह से योग्यता के आधार पर चुने गए लोगों से भरा जाता है, तो इससे सरकारी तंत्र में दक्षता का वातावरण बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में यह राज्य को देश के सबसे विकसित और प्रगतिशील राज्यों में से एक में बदलने में महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने 21 अगस्त को आयोजित चतुर्थ वर्ग के पदों की भर्ती परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश में पूर्व में आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं की तुलना में अनुपस्थित रहने वालों की संख्या नगण्य होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भर्ती में पारदर्शिता के कारण है जिसे प्रशासन बनाए रखने में सक्षम है। मालूम हो कि परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवा बहाल नहीं रहेगी। वहीं दूसरी ओर, असम के विभिन्न सरकारी विभागों में तृतीय श्रेणी के पदों की भर्ती के लिए रविवार को होने वाली लिखित परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से कराने के लिए रविवार को कई जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा करीब चार घंटे के लिए स्थगित रहेगी। यह जानकारी यहां जारी विज्ञप्ति में दी गई। गत एक महीने में राज्य सरकार द्वारा दूसरी बार इस तरह का कदम उठाया गया है। सुरक्षा मजबूत करने के इरादे से परीक्षा केंद्रों के पास भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू की गई है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि 21 अगस्त को सरकारी विभागों में चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों की भर्ती के लिए दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रत्येक पाली में दो घंटे की परीक्षा हुई थी और उस दौरान 25 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी गई थी ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि उम्मीदवार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल नकल में नहीं कर सके। इस भर्ती अभियान के तहत चतुर्थ श्रेणी के सीमित पदों के लिए अंतिम चरण की परीक्षा 11 सितंबर को होगी, लेकिन उस दिन मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित करने की घोषणा अबतक नहीं की गई है। वहीं, परीक्षा के दौरान मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित करने के फैसले के खिलाफ गौहाटी उच्च न्यायालय में रिट याचिका दाखिल की गई थी, लेकिन शुक्रवार को अदालत ने सरकार के इस फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
तृतीय श्रेणी की भर्ती परीक्षा आज सीएम ने तैयारियों का लिया जायजा