गुवाहाटीःआगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कई राज्यों के अध्यक्षों को बदलने के साथ ही असम में मिशन 12 प्लस अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा गुवाहाटी के दौरे पर   सोमवार को पहुंच रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नड्डा कल सोमवार की शाम गुवाहाटी पहुंचेंगे जहां वे शाम साढ़े चार बजे गुवाहाटी स्थित उजान बाजार में नवनिर्मित भाजपा के नॉर्थ ईस्ट कार्यालय पद्म भवन का उद्घाटन करेंगे। सूत्रों के अनुसार कल उद्घाटन समारोह में तीन केंद्रीय मंत्री और उत्तर पूर्व के चार मुख्यमंत्री के साथ-साथ आठ राज्यों के राज्य अध्यक्ष और अन्य केंद्रीय और राज्य के नेता शामिल होंगे। सूत्रों की मानें तो आगामी लोकसभा चुनाव में असम की 14 लोकसभा सीटों में 12 से अधिक सीटें जीतने की रणनीति बनाने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर उभरते असम के मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा के नेतृत्व में असम के अलावा पूर्वोत्तर में अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की उम्मीद है और पार्टी की कोशिश यह  है कि अन्य राज्य में हो रहे नुकसान की भरपाई असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों से  की जाए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नड्डा कल असम समेत पूर्वोत्तर के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी की सांगठनिक शक्ति को और मजबूत पर भी मंथन करेंगे। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा से काफी उम्मीदें लगाए बैठा है, अब समय ही बताएगा कि हिमंत उस उम्मीद पर कितना खड़ा उतरते हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा आज पूर्वोत्तर के दो दिवसीय यात्रा पर रविवार को त्रिपुरा  पहुंचे। नड्डा त्रिपुरा में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे और एक रैली को संबोधित करेंगे। अगरतला हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री माणिक साहा, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य और अन्य लोगों ने गर्मजोशी के सात नड्डाा का स्वागत किया। भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और अगले वर्ष होने वाले चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे।  सूत्रों ने बताया कि वह मंत्रियों और पार्टी के विधायकों के साथ विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा नड्डा चुनाव में गठबंधन के मामलों पर चर्चा के लिए आईपीएफटी के विधायकों के साथ अलग से एक बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) त्रिपुरा में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में साझेदार है। सूत्रों ने बताया कि सोमवार को नड्डा खुमुलवांग कस्बे में एक रैली को संबोधित करेंगे।