गुवाहाटीः गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) ने हाल ही में पहला अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (बीएमटी) सफलतापूर्वक किया है। कामरूप जिले के गांव कमालपुर निवासी मरीज को मंगलवार को छुट्टी दे दी गई। असम के मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि यह जीएमसीएच के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अभी बीएमटी मरीजों के लिए दो सीटें होंगी और इस प्रक्रिया में करीब दो लाख रुपए खर्च होंगे। उन्होंने सफल प्रक्रिया के लिए डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम को बधाई देने के लिए अस्पताल का दौरा किया। हालांकि, बीएमटी रोगियों के लिए अधिक सीटों की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीटों की कमी को कुछ हद तक दूर किया जाएगा जब शहर में दूसरा मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। असम सरकार नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल को एक साल के भीतर पूरा करने के लिए काम कर रही है और तब हमारे पास कैंसर रोगियों के लिए और सीटें हो सकती हैं और साथ ही लीवर प्रत्यारोपण भी हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि जीएमसीएच में भी इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) सुविधा स्थापित करने का काम चल रहा है। पिछले साल जुलाई में डॉ.बी. बरुवा कैंसर इंस्टीट्यूट (बीबीसीआई) ने भी पूर्वोत्तर के एक सार्वजनिक क्षेत्र के अस्पताल में पहला अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (बीएमटी) किया था।
जीएमसीएच में पहला अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण सफल सीएम ने डाक्टरों व कर्मचारियों को दी बधाई