नई दिल्ली: त्योहारों का सीजन फिर से शुरू होने जा रहा है। ऐसे में अगर आपकी भी कहीं जाने की योजना है तो आपके लिए बड़ी अपडेट आई है। सरकार कल (31 अगस्त 2022) से घरेलू हवाई सफर के किरायों पर से प्राइस कैप हटाने जा रही है। इसका मतलब हुआ कि एयरलाइन कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बेहतर ऑफर दे सकेंगी। कोविड-19 की वजह से एविएशन सेक्टर पर बुरा प्रभाव पड़ा था। अब धीरे-धीरे एविएशन सेक्टर की स्थितियां बेहतर हो रही हैं। सिविल एविशन मिनिस्ट्री ने इस महीने जारी आदेश में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को रिव्यू करने के बाद 31 अगस्त 2022 से घरेलू किरायों पर से फेयर बैंड हटाने का फैसला किया गया है। बता दें, करीब 27 महीने बाद सरकार की तरफ से यह रोक हटाई जा रही है। 31 अगस्त 2022 से प्राइस कैप हटने के बाद एयरलाइन कंपनियां अब ग्राहकों को त्यौहारों पर अपनी तरफ से ऑफर दे सकेंगी। इससे उम्मीद है कि ग्राहकों के लिए आने वाले समय में हवाई सफर सस्ता हो सकता है। बता दें, प्राइस कैप लगने की वजह से कंपनियां किरायों में अपने हिसाब से बहुत बदलाव कर नहीं पा रही थीं। कोविड-19 की वजह से सरकार ने हवाई किरायों पर अपर और लोअर लिमिट लगाया था। लेकिन एक बार फिर परिस्थितियां बेहतर होने की वजह से इस फैसले को बदला जा रहा है।