नई दिल्ली: भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी दुनिया के तीसरे नंबर के रईस बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपना नया रिकॉर्ड रच दिया है। उन्होंने लुई वुइटन के प्रमुख बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ दिया है। विश्व के धनपतियों की सूची में यह स्थान पाने वाले अडाणी पहले भारतीय व पहले एशियाई हैं। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार अब अडाणी के आगे अमरीका के शीर्ष उद्योगपति व टेस्ला के सीईओ एलन मस्क व एमेजान के प्रमुख जेफ बेजोस हैं। अडाणी अब तक भारत के साथ एशिया के भी सबसे बड़े रईस थे। अब उन्होंने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े रईस का खिताब हासिल कर लिया है। ब्लूमबर्ग के अरबपति सूचकांक के अनुसार 60 साल के गौतम अडाणी की नेटवर्थ (कुल संपत्ति) 137.4 अरब डॉलर है। टेस्ला के प्रमुख व दुनिया के सबसे धनी एलन मस्क की नेटवर्थ 251 अरब डॉलर है, जबकि, एमेजान के संस्थापक व सीईओ जेफ बेजोस की 153 अरब डॉलर है। बर्नार्ड अर्नाल्ट एलवीएमएच मोएट हेनेसी लुई वुइटन, जिसे आमतौर पर एलवीएमएच के रूप में जाना जाता है, के सह संस्थापक हैं। एलवीएमएच लक्जरी फैशन की दुनिया का विश्व का अग्रणी नाम है। अडाणी धनपतियों की दौड़ में देश के मुकेश अंबानी से आगे निकल गए हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार अंबानी व चीन के जैक मा एशिया के दो अन्य बड़े रईस हैं, लेकिन वे अडाणी की तरह यह मुकाम हासिल नहीं कर सके हैं गौतम अडाणी अडाणी समूह के संस्थापक हैं। यह समूह देश का सबसे बड़ा पोर्ट ऑपरेटर है। यह देश का सबसे बड़ा कोयला कारोबारी भी है। समूह की कंपनी के पास देश के कई एयरपोर्ट के संचालन का काम भी है। अडाणी समूह की नेटवर्थ 2022 में लगातार बढ़ी है। गौतम अडाणी दुनिया के टॉप-10 रईसों की सूची में एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी दौलत पिछले 24 घंटे के दौरान बढ़ी है। इस दौरान अडाणी की नेटवर्थ में 1.2 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इस साल जनवरी से अब तक अडाणी की संपत्ति 60.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है। अडाणी समूह ने पिछले सप्ताह एनडीटीवी में 29 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी का एलान कर सबको चौंका दिया था। समूह की एक कंपनी यह अधिग्रहण करने जा रही है, हालांकि एनडीटीवी ने कहा है कि यह खरीदी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी के बाद ही हो सकेगी। अडाणी समूह की कंपनी एएमजी मीडिया नेटवर्क लिमिटेड ने अपनी सहयोगी कंपनी  विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड के जरिए एनडीटीवी की एक प्रवर्तक कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के 99.99 फीसदी शेयर खरीदने की पेशकश की है। इसमें कुछ कानूनी पेचीदगियां हैं। यानी एनडीटीवी में 29 फीसदी हिस्सेदारी अडाणी समूह की कंपनी आरआरपीआर को खरीदकर हासिल करेगी, इसे सेबी की मंजूरी मिलना है। गौतम अडाणी ने पिछले माह माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख बिल गेट्स को पछाड़ दिया था।