दिसपुर : प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, असम द्वारा गुवाहाटी के सोनापुर थानांतर्गत समता पथार में स्टार सीमेंट नॉर्थ ईस्ट लिमिटेड द्वारा 2.0 एमटीपीए की नई स्टैंडअलोन सीमेंट ग्राइंडिंग इकाई की स्थापना के लिए एक जन सुनवाई का आयोजन किया गया। बैठक में काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने रोजगार, स्वास्थ्य सेवा, सड़क संपर्क समेत अन्य सुविधाओं जैसी मांगों को उठाते हुए सीमेंट कारखाने को अपना सशर्त समर्थन दिया। हालांकि, ऑल असम ट्राइबल यूथ लीग, बोड़ो-कछारी यूथ स्टूडेंट्स यूनियन, वृहत्तर डिमोरिया भूमि सुरक्षा समिति, यूनाइटेड बोड़ो पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन की डिमोरिया आंचलिक कमेटी समेत अन्य लोगों और नेताओं के एक वर्ग ने इसके खिलाफ आवाज उठाई। सीमेंट प्लांट के विस्तार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, असम (पीसीबीए) के अधिकारियों से व्यापक जनहित को देखते हुए विरोध करने वालों ने अनुमति नहीं देने का आग्रह किया। इस संबंध में कई संगठनों द्वारा पीसीबीए को ज्ञापन भी सौंपा गया था। विरोध में खड़े संगठन और लोगों ने कहा कि क्षेत्र पहले से ही प्रदूषण से संबंधित मुद्दों का सामना कर रहा है। पीसीबीए के क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी अभियंता कुलेन तालुकदार और पीसीबीए के सदस्य सचिव शांतनु दत्ता के साथ कामरूप (मेट्रो) के अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. ध्रुबज्योति हजारिका और सोनापुर सर्कल कार्यालय के अंचल अधिकारी गोपाल शर्मा ने आज जनसुनवाई की अध्यक्षता की। हालांकि, इस संबंध में आज को निर्णय सामने नहीं आया।